लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आज उत्तर प्रदेश से चार प्रत्याशियों का नाम घोषित किया है। भाजपा ने आज 18 प्रत्याशियों में मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा के साथ उत्तर प्रदेश के प्रत्याशियों की सूची जारी की है।
भाजपा ने फूलपुर से प्रयागराज की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल को प्रत्याशी घोषित किया है। आजमगढ़ की लालगंज सुरक्षित सीट से सांसद नीलम सोनकर पर दांव लगाया है। झांसी से सांसद तथा केंद्रीय मंत्री उमा भारती की जगह अनुराग शर्मा और बांदा में सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा की जगह आरके पटेल को टिकट दिया है। भाजपा ने अब तक घोषित 70 उम्मीदवारों में 15 सांसदों का टिकट काटा है। पार्टी ने आज लखीमपुर खीरी के निघासन विधानसभा के उप चुनाव के लिए भी प्रत्याशी घोषित किया है। यहां से पूर्व मंत्री रामकुमार वर्मा के निधन से खाली सीट पर उनके पुत्र शशांक वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।
भारतीय जनता पार्टी ने झांसी से सांसद केंद्रीय मंत्री उमा भारती के लोकसभा का चुनाव लडऩे से इन्कार करने पर वहां से अनुराग शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही बांदा से सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा का टिकट काट दिया गया है। अब आरके पटेल वहां से भाजपा के प्रत्याशी होंगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal