लाडवा में सीएम सैनी ने तिरंगा यात्रा का किया नेतृत्व, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देशभक्ति का जश्न!

कुरुक्षेत्र में तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे गूंजते रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा लाडवा बस अड्डे से शुरू हुई और शहर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। यात्रा में पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गोल्डी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, धूमन सिंह किरमच सहित हजारों लोग शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा हमारे वीर जवानों के साहस का प्रतीक- मुख्यमंत्री नायब सैनी
तिरंगा यात्रा के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह यात्रा केवल एक तिरंगा यात्रा नहीं है, बल्कि उन वीर जवानों को सलाम है जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाकर देश का गौरव और स्वाभिमान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह हमारे सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान का प्रतीक था। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश अपने वीर जवानों को संदेश दे रहा है कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि हमें अपने जवानों पर पूरा भरोसा है कि वे भारत माता की अस्मिता पर कोई आंच नहीं आने देंगे।

वहीं, तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे गूंजते रहे। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना की बहादुरी और सफलता को सम्मानित करने के लिए आयोजित इस यात्रा में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com