लखनऊ: अक्तूबर का तीसरा सप्ताह… दिन में उमस भरी गर्मी से राहत नहीं

अक्तूबर का तीसरा सप्ताह चल रहा है। राजधानी लखनऊ में अभी भी दिन में उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक ऐसे ही उमस भरी गर्मी दिन में सताती रहेगी। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में अब गिरावट का दौर देखने को मिल सकता है।

बृहस्पतिवार को तेज धूप के असर से दिन में गर्माहट का अहसास बना रहा। हवा में नमी ज्यादा होने के कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा। दिन में जहां गर्मी ने परेशान किया वहीं रात में हवा में सिहरन का अहसास भी हुआ। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रिकार्ड हुआ जो सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान बिना किसी बदलाव के 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

प्रदेश के मौसम को लेकर ये है भविष्यवाणी
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव की आहट है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 अक्तूबर से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। इसके असर से आगामी 29 अक्तूबर से वाराणसी समेत प्रदेश के पूर्वी- दक्षिणी जिलों में बारिश की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com