रूस की यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों पर हमले के बाद और क्या-क्या हुआ?

रूस की मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक 15 साल के हमलावर ने छात्रों पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में 4 भारतीय छात्रों समेत कुल 6 छात्र घायल बताए जा रहे हैं।

एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है कि इस नाबालिग हमलावर ने नारेबाजी भी की थी। रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक में शनिवार को स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुए चाकूबाजी में कम से कम छह लोग घायल हो गए, जिनमें चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं। साथ ही दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।

इस संगठन से ताल्लुक रखता था हमलावर

बाजा चैनल ने बताया कि हमलावर एक हिंसक नियो-नाजी संगठन नेशनल सोशलिज्म / व्हाइट पावर (NS/WP) क्रू (या स्पैरो क्रू) से संबंधित था। इसे रूस की सुप्रीम कोर्ट ने 2021 में एक आतंकवादी संगठन घोषित किया था। इसका संबंध पत्रकारों पर हुए बड़े हमलों से रहा है, जिसमें अन्ना पॉलिटकोवस्काया पर हुआ हमला भी शामिल है।

पुलिस अधिकारियों को भी मारा चाकू

चैनल ने हॉस्टल की दीवार पर बने स्वास्तिक के विजुअल्स भी दिखाए, जो कथित तौर पर पीड़ितों में से एक के खून से बनाया गया था। रूस के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि आरोपी ने हॉस्टल में कई छात्रों को चाकू मारा और रेन टीवी ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि चारों तरफ खून फैला हुआ था।

मंत्रालय ने क्या जानकारी दी?

आंतरिक मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्का ने कहा, “हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू मारा गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।”

वहीं, रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि तीन अन्य की हालत सामान्य है। हमलावर को गंभीर हालत में एक स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मामले की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com