देश के आठ राज्यों में प्री मानसून एक्टिव हो गया है। वहीं, राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की कई जगहों पर आंधी और बारिश का कहर देखने को मिला।
शनिवार को एमपी के भोपाल समेत चार जिलों में बारिश हुई। आंधी के बाद पेड़ और बिजली के तार टूट गए। वहीं, यूपी में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। उन्नाव और गाजीपुर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई तो कासगंज में मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई। राजस्थान के चुरू में आंधी-बारिश के चलते मकान की दीवार गिरने से परिवार के 4 सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करके इन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।
झारखंड और ओडिशा में मानसून की एंट्री
झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में मानसून की एंट्री हो गई और इसके अगले 3 दिन में मानसून के छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।
इन राज्यों में पहुंचा मानसून
13 जून को केरलम, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में मानसून पहुंचा।
14 जून से 5 जुलाई को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में पहुंच जाएगा।
इन राज्यों में गर्मी का असर
राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा महाराष्ट्र के यवतमाल में दर्ज किया गया। यहां 42.4 डिग्री सेल्सियस का पारा रहा। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस, गुजरात के भावनगर में 41.9 डिग्री सेल्सियस, राजस्थान के जैसलमेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
किन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश होती रहेगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 14 से 19 जून तक बारिश की संभावना। हिमाचल प्रदेश में 14 से 19 जून के बीच बारिश का दौर शुरू होगा।
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जून तक रुक-रुक कर बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 जून और 18-19 जून को बारिश के आसार। पश्चिमी राजस्थान में 14 से 17 जून और 19 जून को बारिश की संभावना।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 14 जून को तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में 15 जून तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 जून को आंधी और बिजली गिरने की आशंका है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal