आगरा आईं राज्यपाल के सामने नेशनल चैंबर ने कई प्रस्ताव रखे। इस पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से प्रस्तावों पर चर्चा करने का भरोसा दिलाया।
आगरा को विधि विश्वविद्यालय और आईटी सिटी के तौर पर विकसित होने की सौगात मिल सकती है। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की मांग पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री से चर्चा करने का भरोसा दिया है।
बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने चैंबर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उद्यम-व्यापार से ही देश तीसरी महाशक्ति बनेगा। फतेहाबाद रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में 77वें स्थापना दिवस समारोह में कार्यक्रम संचालक मनीष अग्रवाल ने चैंबर की ओर से विधि विश्वविद्यालय स्थापित करने, आगरा को आईटी सिटी के रूप में विकसित करने, फिल्म एवं मीडिया सेंटर विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग की।
चेयरमैन सीताराम अग्रवाल ने यमुना में डिसिल्टिंग करवाने की मांग रखी। इस पर राज्यपाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि देश की आजादी के दो साल बाद यह संगठन बना है और शहर के विकास में अहम योगदान दे रहा है। वह इन मांगों को प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगी।
रोजगार, उद्यम और पर्यटन को बढ़ावा
चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि 1949 में 7 लोगों ने चैंबर की स्थापना की। तब से शहर के विकास के लिए चैंबर समस्या और मांग उठा रहा है। विधि विश्वविद्यालय, आईटी सिटी, फिल्म-मीडिया सेंटर, यमुना से डिसिल्टिंग की मांग पूरी होने पर उद्यम, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रस्तावों के बताए लाभ
विधि विश्वविद्यालय: कानून की उच्चस्तरीय शिक्षा मिलेगी। छात्रों के पढ़ाई से रोजगार और व्यापार भी बढ़ेगा। शैक्षणिक हब बनेगा, जिससे शहर का विकास भी होगा।
आईटी सिटी: आईटी उद्योग के लिए टीटीजेड की बाध्यता नहीं है। इससे नामी कंपनियां शहर में आएंगी। नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। युवाओं का बाहर नौकरी के लिए जाना रुकेगा।
फिल्म एंड मीडिया सेंटर: शहर में ऐतिहासिक, धार्मिक धरोहर हैं। फिल्म सिटी के लिए जरूरी भौतिक संसाधन हैं। फिल्म, टीवी सीरियल, एड फिल्म से हजारों रोजगार विकसित होंगे।
यमुना में डिसिल्टिंग: इससे यमुना में पानी का ठहराव होने जलस्तर बढ़ेगा। जल परिवहन से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रदूषण भी कम होगा। ताजमहल संरक्षण के लिए भी फायदेमंद होगा।
फ्री में नहीं आऊंगी… पुस्तकें दो और वैक्सीन लगवाओ
राज्यपाल ने कहा कि चैंबर के लोग आयोजन के लिए आमंत्रित करने आए थे। (हंसते हुए) मैंने कहा कि फ्री में तो नहीं आऊंगी, अहमदाबादी हूं। मुझे जरूरतमंदों के लिए पुस्तकालय के लिए पुस्तकें चाहिए और बेटियों को एंटी सर्वाइकल वैक्सीन लगवाएं तो आऊंगी। इस पर पुस्तकें मिलीं और 50 बेटियों को वैक्सीन लगवाने का भरोसा दिया गया। कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी में 10 बच्चियों को वैक्सीन भी लगवाई।
अतुल गुप्ता को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवाॅर्ड
समारोह में दो बार अध्यक्ष और तीन बार कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवाॅर्ड मिला है। ये फाउंड्री नगर उद्योग संघ के अध्यक्ष भी हैं। इन्होंने इंजीनियरिंग कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन की भी स्थापना की है। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष केके पालीवाल, एसएस गोयल, अमरनाथ कौशल, राजकुमार अग्रवाल, प्रदीप कुमार वार्ष्णेय को सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद
विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, चैंबर उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, योगेंद्र सिंघल, नितेश अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, शिवकुमार अग्रवाल, अमर मित्तल, अनिल वर्मा, महेंद्र सिंघल, श्रीकिशन गोयल, अशोक गोयल, मनोज बंसल, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।