मौसम का यू-टर्न, दिन में तपिश, पारा 35 डिग्री पार

मध्य प्रदेश में फरवरी के आखिरी हफ्ते में मौसम ने अचानक करवट ली है। आंधी-बारिश और ओलों का सिलसिला थमते ही प्रदेश के कई हिस्सों में अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। कई शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। भोपाल में गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इंदौर में 33.1 डिग्री, ग्वालियर में 32.6 डिग्री, उज्जैन में 33 डिग्री और जबलपुर में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। खंडवा और खरगोन में पारा 35.2 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

रात में ठंड का अहसास, कहीं बढ़ी गर्माहट
दिन में तेज धूप के बीच रात का मिजाज अलग नजर आ रहा है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में भी रात का तापमान 9.8 डिग्री रहा। वहीं भोपाल में 15 डिग्री, इंदौर में 14.6 डिग्री, ग्वालियर में 14.5 डिग्री, उज्जैन में 14.5 डिग्री और जबलपुर में 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। धार में रात सबसे गर्म रही, जहां पारा 17.7 डिग्री तक पहुंचा। रतलाम, नरसिंहपुर, सागर, टीकमगढ़ और नर्मदापुरम में भी न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से अधिक रहा।

चार बार बदला फरवरी का रंग
इस बार फरवरी में मौसम ने चार बार करवट बदली। महीने की शुरुआत में दो दौर ओले और बारिश के रहे, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा। 18 फरवरी के बाद तीसरी बार प्रदेश भीगा, जबकि 23-24 फरवरी को चौथे चरण में फिर आंधी-बारिश और ओलों का असर दिखा। 24-25 फरवरी को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ के चलते 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवाएं और बारिश दर्ज की गई।

2 मार्च से फिर एक्टिव होगा सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 2 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसका असर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में देखने को मिल सकता है, जहां हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल शुक्रवार तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com