मुंबई और नागपुर सहित महाराष्ट्र का बड़ा हिस्सा पिछले 36 घंटों में हुई बरसात से बेहाल दिख रहा है। शुक्रवार को नागपुर में हुई भारी बरसात के कारण विधानमंडल के पावस सत्र की कार्यवाही रोकनी पड़ी थी। जबकि शनिवार सुबह से मुंबई के कई हिस्सों में हुई जबर्दस्त बारिश के कारण लोकल ट्रेनें, विमान सेवाएं एवं सड़क यातायात, तीनों प्रभावित हुए हैं। 
मुंबई और इसके आसपास तेज बरसात का दौर शनिवार सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुआ। नई मुंबई, पालघर, ठाणे सहित मुंबई के पवई, मुलुंड, भांडुप आदि उपनगरों में लगातार तेज बरसात हुई। जिसके कारण सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात रुक गया। कल्याण से बदलापुर एवं कल्याण से कर्जत मार्ग के ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण लोकल ट्रेनों का आवागमन कल्याण से आगे सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया। मध्य रेल के सूत्रों के अनुसार लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों का आवागमन भी रोकना पड़ा है। खराब मौसम के कारण हवाई पट्टी पर पानी भर जाने से कई विमान सेवाएं आधे घंटे से पौने घंटे तक देर से चल रही हैं। यातायात बाधित होने के कारण लोगों को कार्यालय पहुंचने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal