मुंगेर में सीएम सम्राट चौधरी का मेगा दौरा!

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मुंगेर पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार योग विद्यालय में पूजा-अर्चना कर संतों से मुलाकात की। इसके बाद गंगा पथ परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अंत में बीजेपी के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को हवाई मार्ग से मुंगेर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर सफियासराय हवाई अड्डे पर उतरा, जहां स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

बिहार योग विद्यालय में किया दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सबसे पहले बिहार योग विद्यालय के पादुका दर्शन पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने गंगा दर्शन स्थल स्थित ज्योति मंदिर एवं छाया समाधि का भ्रमण किया तथा स्वामी श्रीनिवास से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आरती में भी भाग लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वामी निरंजनानंद सरस्वती से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

गंगा पथ परियोजना की समीक्षा बैठक
इसके बाद मुख्यमंत्री बबुआ गंगा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने मुंगेर-सफियाबाद, बरियारपुर, घोरघट, सुल्तानगंज से होते हुए भागलपुर के सबौर तक प्रस्तावित गंगा पथ परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक की। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बीजेपी प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संबोधन
अपने दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज पहुंचे, जहां आयोजित भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।

कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच संपन्न हुआ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com