मशहूर सिंगर आकृति कक्कड़ मां बन गई हैं। उन्होंने और उनके पति चिराग अरोड़ा ने अपने पहले बच्चे के रूप में बेटे का स्वागत किया है। आकृति कक्कड़ ने आज इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर यह खुशखबरी फैंस के साथ साझा की है। बता दें कि आकृति ने एक नवंबर को बेटे को जन्म दिया। शादी के करीब छह साल बाद उनके घर किलकारी गूंजी है।
मैटरनिटी शूट की तस्वीर की साझा
आकृति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की है। बता दें कि आकृति ने अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी डिलीवरी तक फैंस से छिपाए रखी। उन्होंने मैटरनिटी शूट की तस्वीर भी अब मां बनने की खुशी के साथ साझा की है। एक्ट्रेस ने पोस्ट के साथ एक नोट लिखा है। उन्होंने लिखा है, ‘हमारे परिवार का विस्तार हुआ है। दो नन्हे कदमों और एक खूबसूरत दिल के साथ परिवार में नन्हे मेहमान ने दस्तक दी है। ब्रह्मांड ने हमें सबसे खूबसरत चमत्कार का आशीर्वाद दिया है’।
बहनों का जताया आभार
आकृति ने आगे लिखा, ‘हम अपने माता-पिता और बहनों के आभारी हैं, जो चट्टान की तरह हमारे साथ खड़े रहे। उन दोस्तों का शुक्रिया जो परिवार के सदस्यों की तरह साथ रहे। इतने प्यार, शुभकामनाओं के लिए आप सभी का बहुत शुक्रिया’। सिंगर ने अपने डॉक्टर्स का भी शुक्रिया अदा किया। आकृति की इस पोस्ट पर श्रेया घोषाल और विक्रांत मैसी जैसे सेलिब्रिटीज ने प्रतिक्रिया दी है और नन्हे मेहमान के आगमन के लिए बधाई दी है।
2016 में हुई थी शादी
आकृति मशहूर सिंगर हैं। उन्होंने कई हिट गाने गाए हैं। फिल्म ‘हम्पटी शर्मा की दुल्हनिया’ के गाने ‘सैटरडे सैटरडे’ ने आकृति को लोकप्रियता दिलाई। आकृति की दो बहनें-सुकृति और प्रकृति हैं और दोनों ही प्रोफेशनल प्लेबैक सिंगर हैं। आकृति के पति चिराग अरोड़ा पेशे से निर्देशक हैं। दोनों ने वर्ष 2016 में शादी रचाई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal