महादेव सट्टा एप मामले में टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से छह घंटे पूछताछ

 करीब छह हजार करोड़ रुपये के महादेव सट्टा एप और उससे जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में छह घंटे पूछताछ की।

अधिकारियों के अनुसार, मनी लांड्रिंग मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए उन्हें बुलाया गया था। ईडी, उनके वित्तीय लेन-देन, बेटिंग एप के प्रचार-प्रसार और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि शेफाली का महादेव सट्टा एप से जुड़े बताए जा रहे खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से करीबी संबंध रहा है।

जांच एजेंसी का दावा है कि खंजन, महादेव एप से जुड़े हवाला नेटवर्क का प्रमुख संचालक है और बेटिंग कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन का प्रबंधन करता था। इसी कड़ी में ईडी अब उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

जांच के दौरान ईडी को कई डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें शेफाली कथित तौर पर एप का प्रचार करती दिखाई दे रही हैं। एजेंसी का कहना है कि कुछ प्लेटफार्म पर वह लोगों को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी देती थी। इन सामग्रियों की फारेंसिक जांच कराई जा रही है।

ईडी के अनुसार, शेफाली का एक टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में है। इस चैनल में आनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट और टिप्स साझा किए जाते थे।

इसके अलावा दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित किए जा रहे बेटिंग एप के प्रचार-प्रसार में उसकी कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com