मराठा आंदोलन : महाराष्ट्र बंद के दौरान फिर भड़की हिंसा

शिक्षा एवं नौकरियों में आरक्षण की मांग को लेकर मराठा समाज द्वारा आहूत महाराष्ट्र बंद का गुरुवार को खासा असर नजर आया। औरंगाबाद में जहां एक पुलिस की जीप और दो निजी वाहनों में आग लगा दी गई वहीं पुणे में आंदोलन हिंसक होने पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यहां कई तहसीलों में इंटरनेट सेवाओं को बंद करना पड़ा। मुंबई, ठाणे एवं नवी मुंबई को बंद से बाहर रखने के बावजूद यहां आंशिक असर रहा।

मराठा क्रांति मोर्चा द्वारा गुरुवार को आहूत महाराष्ट्र बंद का असर मराठवाड़ा, पश्चिम महाराष्ट्र, कोंकण, उत्तर महाराष्ट्र एवं विदर्भ सभी स्थानों पर दिखाई दिया। पुणे के चांदनी चौक क्षेत्र में आंदोलन हिंसक हो उठा। हजारों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज एवं आंसू गैस छोड़नी पड़ी।

पुणे के जिलाधिकारी कार्यालय को भी आंदोलनकारियों ने निशाना बनाया। कुछ सरकारी बसों को भी तोड़फोड़ का शिकार होना पड़ा। जिले की कई तहसीलों में इंटरनेट सेवाएं बंद करनी पड़ीं। नांदेड़ में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के समाचार पत्र सत्यप्रभा पर भी आंदोलनकारियों ने पथराव किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com