मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में दो मासूम बच्चों की जान लेने वाले बम हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने इस घटना में शामिल होने के शक में प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के तीन संदिग्ध कैडरों को गिरफ्तार किया है।
ये गिरफ्तारी चुराचांदपुर जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक एके-47 राइफल, पिस्टल, गोलियां, 20 हजार रुपये नकद और करीब 21 किलो कच्ची अफीम बरामद की गई है। इसके अलावा तलाशी अभियान में अन्य हथियार भी जब्त किए गए।
पुलिस का कहना है कि बम धमाके के बाद घाटी के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए, जिन्हें सुरक्षा बलों ने काबू में किया। हालांकि, यूकेएनए ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है और गिरफ्तार लोगों को अपना सदस्य मानने से भी इंकार किया है।
सुरक्षा हालात की व्यापक समीक्षा
मणिपुर में ताजा हिंसा के बाद हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को यूनिफाइड कमांड की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी सहित सेना, असम राइफल्स, सीआरपीएफ, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा हालात की व्यापक समीक्षा की गई तथा शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए ठोस रणनीतियों पर चर्चा हुई। हालांकि, प्रशासन के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है।
कर्फ्यू, भारी पुलिस बल की तैनाती और इंटरनेट प्रतिबंध जारी हैं। सरकार ने ब्राडबैंड सेवाएं आंशिक रूप से बहाल की हैं, जबकि मोबाइल इंटरनेट अब भी बंद रखा गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal