भारत-फ्रांस दोस्ती का नया अध्याय: राफेल और पनडुब्बी निर्माण पर बनी बड़ी सहमति

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि भारत और फ्रांस के संबंध अद्वितीय है। दोनों देशों की मित्रता रणनीतिक साझेदारों से कहीं बढ़कर है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि भारत और फ्रांस के संबंध अद्वितीय है। दोनों देशों की मित्रता रणनीतिक साझेदारों से कहीं बढ़कर है। फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के भारत के निर्णय के कुछ दिन बाद ही मैक्रों ने गुरुवार को यह भी कहा कि इस समझौते में ”मेक इन इंडिया” मुख्य घटक होगा।

उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत के साथ पनडुब्बियों पर सहयोग बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति एआइई इम्पैक्ट समिट से इतर पत्रकारों से बात करते हुए प्रश्न के उत्तर में कहा, हमारे पास केवल रणनीतिक साझेदारी नहीं है, बल्कि हमारे पास विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो भारत और फ्रांस दोनों के लिए अद्वितीय है।

भारत और फ्रांस ने मंगलवार को मुंबई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मैक्रों के बीच बातचीत के बाद अपने संबंधों को ”विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी” के स्तर पर पहुंचा दिया। दोनों पक्ष रक्षा, नवाचार और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार कर रहे हैं।

राफेल खरीद संबंधी पर प्रश्न के उत्तर में, उन्होंने कहा कि फ्रांस रखरखाव और क्षमता निर्माण के पहलुओं में सहयोग बढ़ाना चाहता है। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले, भारत ने राफेल खरीदने की अपनी इच्छा की पुष्टि की और मेक इन इंडिया इसका एक मुख्य पहलू होगा। यह मौजूदा सहयोग को स्पष्ट रूप से मजबूत करने के लिए नया कदम है।

भारत ने फ्रांस के साथ सरकार-से-सरकार ढांचे के तहत 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए लंबित प्रस्ताव को पिछले सप्ताह मंजूरी दी थी। मल्टी-रोल फाइटर एयरक्राफ्ट परियोजना के तहत, 18 विमान दासौ एविएशन द्वारा उड़ान भरने की स्थिति में दिए जाएंगे और शेष भारत में लगभग 50 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री के साथ निर्मित किए जाएंगे, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

राफेल सौदे के विवरण, जिनमें सह-उत्पादन की योजनाएं भी शामिल हैं को तकनीकी वार्ताओं के बाद अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

गौरतलब है पिछले साल पाकिस्तान के साथ संघर्ष में राफेल ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। अब तक भारत ने अपनी वायुसेना के लिए 36 राफेल विमान खरीदे हैं और नौसेना के लिए 26 राफेल का आर्डर दिया है।

फ्रांस तीन स्कार्पीन पनडुब्बियों के निर्माण के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने पर भी विचार कर रहा है। ये पनडुब्बियां सरकारी कंपनी मझगांव डाक लिमिटेड और फ्रांसीसी रक्षा कंपनी नेवल ग्रुप द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित की जाने की प्रस्तावित हैं।

मैं आपके देश से प्यार करता हूं : मैक्रों
आइएएनएस के अनुसार मैक्रों ने कहा, मैं आपके देश से प्यार करता हूं। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए करार भारत की रक्षा तैयारियों में रणनीतिक ताकत जोड़ेगा।

उन्होंने आश्चर्य जताया कि यह भारत में कुछ तबका इसकी आलोचना क्यों कर रहा है। उन्होंने कहा कि नए रणनीतिक सहयोग और रोजगार सृजन के अवसर खोलकर देश को मजबूत बनाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी7 के विशेष अतिथि होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com