भारतीय मूल की महिला पर लगा ‘स्टूडेंट वीजा फ्रॉड’ का झूठा आरोप

अमेरिका में रह रही भारतीय मूल की बायोमेडिकल इंजीनियर साधना गोलापुडी पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर एक झूठे आरोप की वजह से विवादों में आ गईं।

X पर एक यूजर ने उन पर स्टूडेंट वीजा फ्रॉड करने का आरोप लगा दिया, जिसके बाद मामले में ह्यूस्टन के US अटॉर्नी को भी दखल देना पड़ा। US अटॉर्नी की सफाई के बाद मामला शांत हुआ।

सोशल मीडिया पोस्ट में किया दावा

दरअसल, 30 जुलाई को ‘CyberGreen09’ नाम के X अकाउंट से एक पोस्ट की गई। इसमें टेक्सास के ह्यूस्टन में रहने वाली साधना गोलापुडी पर आरोप लगाया गया कि वह 2014 से हमेशा F1 स्टूडेंट हैं। F1 वीजा अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अमेरिका में पढ़ाई करने की अनुमति देता है।

पोस्ट में साधना का कुचिपुड़ी डांस करते हुए वीडियो शेयर किया गया और कैप्शन में लिखा गया, साधना को ह्यूस्टन में पारंपरिक नंगे पैर डांस करना पसंद है। 12 साल से वह स्टूडेंट वीजा गेम खेल रही हैं।

साथ ही आरोप लगाया गया कि वह डांसर और कैश ट्यूटर के रूप में काम करती हैं, जिससे उनका वीजा नियमों का उल्लंघन करता है। पोस्ट के साथ #visafraud हैशटैग भी जोड़ा गया। पोस्ट वायरल हुई, जिससे साधना और उनके परिवार के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई।

US अटॉर्नी ने किया खंडन

साधना पर लग रहे आरोपों के बीच ह्यूस्टन के US अटॉर्नी एरॉन रीट्ज ने 4 अगस्त को सोशल मीडिया पर जवाब दिया। उन्होंने साफ किया कि साधना गोलापुडी नेचुरलाइज्ड US सिटिजन हैं और वह स्टूडेंट वीजा पर नहीं हैं।

रीट्ज ने लिखा, फ्लैग करने के लिए धन्यवाद। मेरे ऑफिस ने देखा। वह एक नेचुरलाइज्ड US सिटिजन हैं। उन्होंने आगे कहा, हम वीजा फ्रॉड को गंभीरता से लेते हैं और उस पर पूरी तरह मुकदमा चलाते हैं। न तो अवैध एलियंस और न ही गलत तरीके से लीगल स्टेटस लेने वाले अमेरिकी धरती पर स्वागत हैं।

साधना ने इंस्टाग्राम पर दी सफाई

इन झूठे आरोपों से परेशान साधना गोलापुडी ने 6 अगस्त को इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि उनका कंटेंट बिना इजाजत X जैसे प्लेटफॉर्म पर दोबारा पोस्ट किया गया और उनके बारे में झूठे और गुमराह करने वाले दावे फैलाए गए।

साधना ने लिखा कि पिछले कुछ दिन मेरे और मेरे प्रियजनों के लिए बहुत मुश्किल और परेशान करने वाले रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें ऐसी पोस्ट मिले तो उसे गलत जानकारी और बिना अनुमति इस्तेमाल के लिए रिपोर्ट करें।

पाकिस्तानी अकाउंट विवाद की जड़

‘CyberGreen09’ अकाउंट, जो अपनी बायो में खुद को पाकिस्तानी एक्टर हमजा सोहेल का फैन अकाउंट बताता है, आलोचना बढ़ने के बाद कुछ समय के लिए प्राइवेट कर दिया गया था।कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस अकाउंट पर भारत विरोधी ट्रोल अकाउंट होने का आरोप लगाया और US अटॉर्नी से जांच की मांग की।

इंडियन अमेरिकन एडवोकेसी काउंसिल ने दी प्रतिक्रिया

इस पूरे मामले पर इंडियन अमेरिकन एडवोकेसी काउंसिल ने भी प्रतिक्रिया दी। काउंसिल ने X पर लिखा, एक अमेरिकी महिला को लाखों लोगों के सामने फिल्माया गया, नाम लिया गया और वीजा फ्रॉडस्टर कहकर गलत तरीके से बदनाम किया गया।

काउंसिल ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने साधना को बदनाम किया उस पर कार्रवाई की बजाय अटॉर्नी रीट्ज ने अपने बयान में गैर-कानूनी एलियंस का मुद्दा क्यों उठाया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com