दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक आज मुख्यमंत्री धामी भी शामिल होंगे। संगठनात्मक बैठक, जनप्रतिनिधि सम्मेलन, पांचों सांसद और सभी विधायकों की बैठक भी होगी।
भाजपा की चुनाव तैयारियां अब और तेज होने वाली हैं। आज बुधवार को दिल्ली में भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। जिसमें उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियां कई स्तर पर चल रही हैं लेकिन बुधवार को दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में इसे और मजबूत बनाया जाएगा। बैठक में कोर कमेटी आगे की रणनीति तैयार करने जा रही है। इसके बाद भाजपा की संगठनात्मक बैठक होगी। विस्तारक योजना पर भी काम होगा। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करना, बूथ स्तर के संगठनों को सक्रिय करना और चुनावी रणनीतियों को सीधे लागू करना है।
भाजपा ने जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन कराने की तैयारी पहले ही शुरू कर दी है। पांच लोकसभा के सांसद अपनी लोकसभा क्षेत्र के विधायकों के संग बैठक करेंगे। वहीं, युवाओं के लिए पहले से भाजपा के युवा संवाद प्रदेशभर में चल रहे हैं। भाजपा सभी 70 विधानसभाओं में युवा संवाद का आयोजन कर रही है।
आज कोर कमेटी की बैठक दिल्ली में होगी। इसमें आगे की चुनावी रणनीति पर बिंदुवार चर्चा की जाएगी। इस रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए अलग से संगठन की बैठकें होंगी। -महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal