बॉयल के शतकीय प्रहार को मिला फॉक्सक्रॉफ्ट का साथ, न्यूजीलैंड ने इंडिया ए की बढ़ाई टेंशन

मैथ्यू बॉयल के शानदार शतक और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के बेहतरीन पचासे की वजह से न्यूजीलैंड ए दूसरे अनऔपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। न्यूजीलैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 218 रन बना लिए हैं। बॉयल 148 गेंदों में 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। वहीं फॉक्सक्रॉफ्ट 180 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। दोनों के बीच अब तक 205 रन की साझेदारी हो चुकी है।

जुरेल का शतक

इससे पहले जुरेल ने दूसरे दिन की शुरुआत में अपना शतक पूरा किया था। हालांकि, वो कुछ ही देर बाद आउट हो गए। उन्होंने 11 चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 105 रन बनाए। इसके अलावा आकाशदीप ने 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रनों की पारी खेली, जिसकी वजह से भारत 346 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाया।

खराब शुरुआत के बाद बॉयल-फॉक्स्क्रॉफ्ट ने उबारा

न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी। मोहम्मद सिराज ने कप्तान रीस मारिऊ का विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया था। इसके बाद मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड के स्कोर को 13/3 पर ला खड़ा किया। ऐसा लग रहा था कि भारतीय गेंदबाज जल्द ही न्यूजीलैंड की पारी को समेट देंगे। मगर बॉयल और फॉक्सक्रॉफ्ट की दोहरी शतकीय साझेदारी ने न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड अभी भी भारत के स्कोर से 128 रन पीछे है। हालांकि, जिस तरह बॉयल और फॉक्सक्रॉफ्ट खेल रहे हैं, भारत के लिए मुकाबले में वापसी करना आसान नहीं होगा। दोनों ही खिलाड़ी अब तीसरे दिन न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर तक पहुंचाने को देखेंगे। वहीं, भारतीय गेंदबाज बेहतर प्रदर्शन कर टीम इंडिया की मैच में वापसी कराने को देखेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com