लखनऊ में प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है. प्रियंका ने कहा है कि आज देश खतरे में है. सीएए और एनआरसी से डराया जा रहा है. देश में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है. सरकार छात्रों की आवाज दबा रही है. साथ ही प्रियंका ने कहा कि यूपी चुनाव अकेले लड़ने के लिए हमें मजबूती चाहिए.

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में वही शक्तियां सरकार चला रही हैं जिनसे हमारी ऐतिहासिक टक्कर रही है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना आजादी की लड़ाई के नेतृत्व के लिए हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम में सभी जाति धर्म के लोगों ने भागीदारी की। इस देश की मिट्टी में सभी का खून मिला है।
एक दमनकारी विचारधारा है, आज भी हम उसी से लड़ रहे हैं जिससे हम आजादी के समय लड़े थे। जिन्होंने आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नहीं दिया वे देशभक्त बनकर देशभर में भय फैलाना चाहते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब-जब देश में भय का माहौल फैलाया जाता है तब-तब कांग्रेस का कार्यकर्ता खड़ा होता है।
ऐसा इसलिए है कयोंकि हम अहिंसा की विचारधारा से उपजे हैं। इस समय देश देश संकट में है, आपने देखा कि पिछले दिनों में किस तरह की अराजकता फैली। देश के कोने-कोने में संविधान के खिलाफ बने कानून के विरोध में युवा आवाज उठा रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने सीएए को नोटबंदी का दूसरा रूप भी बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छोड़कर देश की सभी पार्टियां भाजपा की केंद्र की तथा उत्तर प्रदेश की सरकार से डर रही हैं। हम तो इनकी हर दमनकारी नीति का जमकर और हर स्तर पर विरोध कर रहे हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal