पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक करोड़ महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ना है, साथ ही उनके आर्थिक सशक्तीकरण, उच्च शिक्षा और सुरक्षा के लिए अवसर बढ़ाना है।
यहां बिहार राज्य महिला आयोग के 25वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि महिलाएं राज्य के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में तेजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘जीविका’ और ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ जैसे कार्यक्रम महिलाओं को सिलाई, मुर्गी पालन, बकरी पालन और अन्य आर्थिक गतिविधियों में अवसर प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”सरकार का लक्ष्य एक करोड़ महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ना है।” उन्होंने कहा कि ‘बालिका पीएचडी फेलोशिप’ कार्यक्रम के तहत, 1,000 छात्राओं को उच्च शिक्षा और शोध के लिए हर महीने 10,000 रुपये मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं के लिए एक समर्पित विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार ‘पुलिस दीदी’ पहल शुरू करने वाला और छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास महिला पुलिसकर्मियों को तैनात करने वाला पहला राज्य है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal