बिहार में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से 10 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। राज्यस्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को पटना में होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद 17 अगस्त तक राज्य के सभी जिलों और प्रखंडों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने बताया कि तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए राज्य सरकार ने 6 करोड़ 12 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। राज्य के सभी 534 प्रखंडों और 38 जिलों को कार्यक्रम के लिए एक-एक लाख रुपये दिए गए हैं। वहीं, राज्यस्तरीय आयोजन के लिए 25 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। मंत्री ने लोगों से बड़ी संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका दिवस
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि नई पीढ़ी को देश की आजादी के साथ-साथ विभाजन की त्रासदी की जानकारी भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 को देश का विभाजन हुआ था और इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापन, हिंसा और जान-माल के नुकसान का सामना करना पड़ा। इसी इतिहास से युवा पीढ़ी को अवगत कराने के लिए विभाजन विभीषिका दिवस भी मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह जानना जरूरी है कि देश के विभाजन के दौरान लोगों ने किन परिस्थितियों का सामना किया और कितनी बड़ी संख्या में लोगों ने अपने परिवार तथा घर खोए। उन्होंने बिहारवासियों से तिरंगा यात्रा और इससे जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।
तिरंगा यात्रा के दौरान पटना में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
पटना में सोमवार को होने वाले तिरंगा यात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक यात्रा के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। यह व्यवस्था सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
डाकबंगला से जेपी गोलंबर तक सामान्य वाहनों की नो-एंट्री
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कारकेड को देखते हुए डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक का रास्ता आरक्षित रहेगा। इस दौरान सामान्य वाहनों को इस मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग गांधी मैदान में की जाएगी। आम लोगों के प्रवेश के लिए गेट नंबर 1 और 13 निर्धारित किए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री के प्रवेश के लिए गेट नंबर 12 आरक्षित रहेगा।
पटना जंक्शन के ऑटो इस रूट से जाएंगे
पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य मोड़ और एक्जीविशन रोड होते हुए आगे जाएंगे। सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली के रास्ते से पटना जंक्शन लौटने की व्यवस्था रहेगी। एक्जीविशन रोड से गांधी मैदान तथा गोरियाटोली से गांधी मैदान की ओर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। तिरंगा यात्रा के दौरान मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर भी कई जगह प्रतिबंध रहेगा। चिरैयाटाड़ और गोरियाटोली की ओर मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा मीठापुर से बुद्ध मार्ग तथा आर-ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की दिशा में भी भारी वाहनों का परिचालन रोक दिया जाएगा।
नगर बसों और ई-रिक्शा के लिए भी डायवर्जन
इंजीनियरिंग कॉलेज से पटना जंक्शन की ओर जाने वाली नगर बसें गांधी चौराहा, मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी, सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली के रास्ते चलेंगी। वापसी में भी इसी मार्ग का इस्तेमाल होगा। पटना सिटी से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट और बारी पथ होते हुए खजांची रोड तक पहुंचेंगे। वापसी में ये वाहन खजांची रोड से अशोक राजपथ के रास्ते गायघाट की ओर जा सकेंगे।
इन रास्तों का कर सकेंगे इस्तेमाल
पटना पुलिस की ओर से बताया गया कि वोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग और बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा की तरफ जा सकेंगे। वहीं, आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ के नीचे बने गोलंबर से गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक पर केवल तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों को जाने की अनुमति होगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोमवार सुबह घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था का ध्यान रखें। प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और गंतव्य तक पहुंचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal