बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां का निधन, देर शाम होगा अंतिम संस्कार

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां का मुंबई में निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उनके शव को मुंबई से दरभंगा लाया जा रहा है। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की माता राधा देवी (72) का देर रात मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। बताया गया है कि राधा देवी की तबियत लंबे समय से खराब थी और वे इलाजरत थीं। उनके निधन से पूरा परिवार मर्माहत है। उनके तीन पुत्रों में सबसे बड़े संजय सरावगी हैं, जबकि दो अन्य भाई उनसे छोटे हैं।

दोपहर में मुंबई से दरभंगा पहुंचेगा शव
संजय सरावगी ने मां के निधन की खबर मिलते ही दरभंगा स्थित अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ शोक व्यक्त किया। परिवार ने बताया कि राधा देवी का शव दोपहर में मुंबई से दरभंगा पहुंचाया जाएगा, उसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से भाजपा परिवार में भी गहरा शोक व्याप्त है।

सीएम नीतीश ने सरावगी से की बात
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संजय सरावगी को फोन करके शोक जताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी मां का काफी दिनों से मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में इलाज चल रहा था और देर रात उन्होने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली है। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक प्रकट किया है।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने दी श्रद्धांजलि
सरावगी की मां के निधन पर शोक जताते हुए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस शोक की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं परिवारजनों के साथ हैं।’

पूर्व विधायक ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि यह परिवार के लिए काफी कठिन समय है। वहीं, केवटी के भाजपा विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने भी संजय सरावगी की मां के निधन पर शोक जताया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com