शनिवार को देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर कम हुआ, लेकिन तबाही का मंजर बना रहा। असम में एक और व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों की संख्या 98 तक पहुंच गई है।
हिमाचल प्रदेश में 153 सड़कें अवरुद्ध हो गईं। उधर, केरल में सैकड़ों लोग राहत शिविरों में फंसे हैं क्योंकि उनके घर और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
असम में बाढ़ से 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित
असम में बाढ़ से 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के पूर्वी हिस्से के चार जिले सर्वाधिक प्रभावित हैं। सरकार रविवार से बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन शुरू करेगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार चार दिन से हो रही बारिश के बीच शनिवार पिछले तीन साल में अगस्त का सबसे ज्यादा बारिश वाला दिन दर्ज किया, जिसमें 98.7 मिमी बारिश हुई। महीने के पहले आठ दिनों में ही कुल बारिश का आंकड़ा मासिक औसत के करीब पहुंच गया।
हिमाचल प्रदेश में मूसलधार बारिश के कारण 153 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में मूसलधार बारिश के कारण 153 सड़कें बंद हो गईं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, कई हिस्सों में बिजली व पानी आपूर्ति ठप हो गई। 30 जून को मानसून शुरू होने के बाद से अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में राज्य में 65 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 14 जानें भूस्खलनों में गई हैं।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य को 834 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस बीच खराब मौसम और अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी के चलते शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा निलंबित कर दी गई।
राजौरी जिले में एक दुखद घटना में, एक 17 वर्षीय लड़की की मौत हो गई जब उसे अस्पताल ले जाने वाला वाहन कई घंटों तक कीचड़ में फंस गया, जो हाल की भारी बारिश के कारण भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क पर था।
केरल में शनिवार को भी बारिश जारी रही
केरल में शनिवार को भी बारिश जारी रही। हालांकि कई क्षेत्रों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घट रहा है। सैकड़ों लोग अभी भी राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं क्यों घरों में अभी भी पानी भरा है। अलप्पुझा और कोट्टायम जिले में बाढ़ के हालात बने हुए हैं।
नगालैंड के दीमापुर जिले के कई निचले क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई। इससे सामान्य जीवन बुरी तरह बाधित हुआ जबकि बाढ़ से एक छात्रा की मौत हो गई।
राजस्थान के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश दर्ज की गई, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहा। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि अगले सप्ताह के दौरान पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसून की स्थिति सक्रिय रहने की संभावना है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई स्थानों पर बारिश की चेतावनी
इस बीच, आईएमडी ने अगले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों और राज्य के पूर्वी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की भविष्यवाणी की है।
जम्मू और कश्मीर में आने वाले दिनों में व्यापक बारिश और गरज के साथ बारिश की संभावना है, मौसम विज्ञान विभाग ने 9 से 11 अगस्त के बीच जम्मू डिवीजन के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
ओडिशा में भी आईएमडी ने अगले पांच दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। हिमाचल में मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal