बदरीनाथ हाईवे पर हाथी पहाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने से करीब 20 मीटर सड़क ध्वस्त हो गई। इससे यातायात प्रभावित हुआ। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा रोकी गई। हालांकि आठ घंटे बाद हाईवे पर आवाजाही शुरू की गई। यात्रा जारी है।
वहीं, मारवाड़ी चौकी के आगे क्रशर के पास हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आ गए। इस स्थान पर सड़क कई जगह से धंस गई है, जिससे आवाजाही में परेशानी बढ़ गई है। बारिश के चलते हाईवे पर भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है। आज प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सड़क को सुचारु करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पहाड़ों में लगातार बारिश से राहत मिलने की उम्मीद, इन जगह मुश्किल
पहाड़ों में लगातार बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने हरिद्वार और यूएसनगर जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
देहरादून में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जना के साथ एक या दो दौर की बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा जबकि कुछ पर्वतीय इलाकों में सामान्य से अधिक रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal