हिंदू धर्म में हनुमान चालीसा को सबसे लोकप्रिय स्तोत्रों में से एक माना जाता है। इसकी रचना गोस्वामी तुलसीदास जी ने की थी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सच्चे मन से हनुमान चालीसा का पाठ करने से हर प्रकार का अज्ञात भय, असुरक्षा और मृत्यु का डर दूर होता है। साथ ही हनुमान जी की कृपा से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
वैसे तो हनुमान चालीसा की सभी चौपाइयों को अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है, लेकिन एक ऐसी चौपाई है जिससे यह संदेश मिलता है कि अपार शक्ति होने के बावजूद मनुष्य के भीतर ज्ञान और पवित्रता का होना ही उसे महान बनाता है। इस बात को जानकर आपके मन में यह सवाल आ रहा होगा कि आखिर वह कौन-सी चौपाई है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में हम आपको विस्तार से उस चौपाई और उसके हिंदी अर्थ के बारे में बताते हैं।
हाथ बज्र और ध्वजा विराजे।
कांधे मूंज जनेऊ साजै॥
हनुमान चालीसा की इस चौपाई का हिंदी अर्थ है कि बजरंगबली के एक हाथ में वज्र और दूसरे हाथ में ध्वजा सुशोभित है। वहीं, उनके कंधे पर मूंज (एक प्रकार की पवित्र घास) से बना हुआ जनेऊ सजा हुआ है।
शब्दों के अनुसार अर्थ
हाथ- हाथों में
बज्र- वज्र (शक्तिशाली अस्त्र)
ध्वजा- पताका
विराजे- सुशोभित है
कांधे- कंधे पर
मूंज- एक प्रकार की पवित्र घास
जनेऊ- यज्ञोपवीत
साजै- सजा हुआ है
चौपाई का महत्व
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस चौपाई में हनुमान जी की शक्ति, भक्ति और ज्ञान का अद्भुत संतुलन देखने को मिलता है। हनुमान जी के हाथ में वज्र बुराई और संकटों के नाश का प्रतीक है। इस चौपाई में बताया गया है कि प्रभु बेहद शक्तिशाली हैं, जो अपने भक्तों और धर्म की रक्षा के लिए कठोर से कठोर प्रहार कर सकते हैं। कंधे पर जनेऊ धारण करना यह दर्शाता है कि बजरंगबली सिर्फ एक योद्धा ही नहीं हैं, बल्कि वेदों के ज्ञाता, परम विद्वान और अखण्ड ब्रह्मचारी भी हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मंगलवार या शनिवार के दिन हनुमान चालीसा की इस चौपाई का पाठ करने से व्यक्ति के मन का हर प्रकार का डर दूर होता है और सुख-समृद्धि व आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। इसके अलावा, किसी नए काम की शुरुआत करने या परीक्षा से पहले इस चौपाई का पाठ करने से कार्यों में निश्चित सफलता प्राप्त होती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal