आज की व्यस्त जीवनशैली में फिट रहना और भी जरूरी हो गया है। हालांकि, ऐसी लाइफस्टाइल के कारण ही एक्सरसाइज करने का समय नहीं मिल पाता है। अगर आपके पास भी जिम जाकर एक्सरसाइज करने का समय नहीं है या किसी हेल्थ कंडीशन के कारण आप हाई इंटेंसिटी वर्कआउट नहीं कर पाते हैं, तो घबराइए मत।
आप कम समय में घर पर भी कुछ आसान एक्सरसाइज कर सकते हैं, जो आपकी फिटनेस को बरकरार रखने में काफी मददगार साबित हो सकती हैं। ये एक्सरसाइज शरीर पर ज्यादा दबाव भी नहीं डालती है और हेल्दी रहने में मदद भी करती हैं। आइए जानें ऐसे ही लो इंटेंसिटी वाली कुछ एक्सरसाइज के बारे में जिन्हें आप अपने वर्कआउट रूटीन का हिस्सा बना सकते हैं।
फिट रहने के लिए लो इंटेंसिटी एक्सरसाइज
वॉकिंग- दौड़ की जगह अगर आप रोजाना तेज चाल से चलें, तो ये दिल को स्वस्थ रखने, वेट लॉस करने और ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। इसे सुबह या शाम किसी भी समय किया जा सकता है।
योग- योग न केवल शरीर की स्ट्रेचिंग और फ्लेक्सिबिलिटी को बढ़ाता है, बल्कि मेंटल स्ट्रेस भी कम करता है। ऐसे में 20-30 मिनट का योग काफी फायदेमंद साबित होगा।
साइकलिंग- यह एक लो इम्पैक्ट कार्डियो वर्कआउट है, जो घुटनों पर ज्यादा दबाव डाले बिना फिटनेस को बनाए रखता है। चाहे बाहर साइकल चलाएं या घर पर स्टेशनरी बाइक का उपयोग करें।
स्विमिंग- पानी में एक्सरसाइज करने से शरीर का भार कम हो जाता है और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। यह पूरे शरीर का एक्सरसाइज है, खासतौर पर पीठ, बाज़ू और पैरों के लिए।
पिलाटेस- यह एक कोर-स्ट्रेंथनिंग एक्सरसाइज है, जो पीठ, पेट और हिप्स की मसल्स को टोन करती है। यह पोस्चर सुधारने और संतुलन बढ़ाने में मदद करता है।
सीढ़ियां चढ़ना- लिफ्ट की जगह सीढ़ियां चुनने से रोजमर्रा की दिनचर्या में ही वर्कआउट जुड़ जाता है। यह हड्डियों को मजबूती देता है और थाइज को टोन करता है।
ताई ची- धीमे और नियंत्रित मूवमेंट्स वाला यह वर्कआउट मानसिक शांति के साथ संतुलन और शरीर की स्थिरता बढ़ाने में मदद करता है।
स्ट्रेचिंग- हर 1-2 घंटे में थोड़ा स्ट्रेच करना, खासकर लंबे समय तक बैठने वालों के लिए, बहुत जरूरी है। यह मसल्स में फ्लेक्सिबिलिटी बनाए रखता है और दर्द को कम करता है।
लाइट डांस वर्कआउट- सॉफ्ट मूवमेंट्स वाला डांस, जैसे ज़ुम्बा मस्ती के साथ फिटनेस को बढ़ाता है। साथ में स्ट्रेस भी कम करता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal