बागेश्वर: आगामी चुनाव में मजबूत पकड़ बनाने के लिए बसपा ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की फौज तैयार की जा रही है। जिसके जरिए नगर पालिका व नगर पंचायत का चुनाव जीतने की योजना है।
बहुजन समाज पार्टी जिला कार्यालय में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। शनिवार सुबह 11 बजे से हुई बैठक में जिलाध्यक्ष किशन विश्वकर्मा ने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर 50 सदस्य बनाने आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि नए सदस्य बनाने का काम अक्टूबर माह तक पूर्ण कर लिया जाना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य के आधार पर मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके लिए मजबूत प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। विधान सभा क्षेत्र बागेश्वर का विस्तार करते हुए नवल किशोर सरस्वती को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सुरेश राम को विधान सभा का सचिव तथा सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि माह की प्रत्येक 10 तारीख को विधानसभा क्षेत्र तथा 20 को जिलास्तरीय बैठक होगी। इस मौके पर विजय कुमार, निशा देवा, किरन, मंजू, मनोज कुमार, आशा राम, नईमा खान, सरिता आर्या, राजेंद्र प्रसाद, चंदन राम, अंजू राम आदि मौजूद रहे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal