पूरे प्रदेश में आज से करवट लेगा मौसम, बारिश के साथ इन जिलों में ओले गिरने की चेतावनी

यूपी में मौसम में परिवर्तन का दौर जारी है। पहले कड़ाके की ठंड और फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बाद अब प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं, जिसका असर बाद में पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस वजह से प्रदेश के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 22 जनवरी की देर शाम या रात को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश की शुरुआत होने के संकेत हैं। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। 24 जनवरी को बारिश में कमी आने के बाद 25 जनवरी को मौसम शुष्क हो जाने की संभावना है।

इसके दृष्टिगत 22 से 24 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की तात्कालिक वृद्धि होने और उसके बाद के 48 घंटों के दौरान इतनी ही वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसके बाद अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश का अगला दौर शुरू होकर 27 जनवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने और क्रमिक बढ़ोतरी के साथ अगले एक-दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

हवाएं चलने से गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ जिलों में 23 जनवरी को मेघगर्जन के साथ 30-50 किमी प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवा चलने के आसार हैं। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस वजह से प्रदेश के कुछ जिलों को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी में 23 और 24 को बारिश के आसार, बदलेगा मौसम
मौसम का रुख बुधवार को भी मंगलवार जैसा ही रहा। सुबह कोहरा गायब रहा तो दिन में तीखी धूप की वजह से ठंड गायब रही। मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 जनवरी को राजधानी में बारिश के आसार हैं। इससे मौसम में थोड़ा बदलाव नजर आएगा। बुधवार को अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आया, लेकिन न्यूनतम तापमान में आंशिक कमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, कोहरे में आई कमी के साथ ठंड से राहत का यह दाैर दो दिन आगे भी जारी रहने के आसार हैं। इस बीच न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। माैसम में यह बदलाव एक के बाद एक सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से है। विक्षोभ के चलते ही 23 और 24 जनवरी को लखनऊ में बारिश के संकेत हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा में परिवर्तन और आसमान साफ होने से मंगलवार रात न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। यह गिरावट जारी रहने के आसार हैं। बृहस्पतिवार को तापमान सामान्य के आसपास या इससे अधिक देखने को मिल सकता है। बुधवार को राजधानी के अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो मंगलवार के बिलकुल करीब था। दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री की कमी के साथ 10 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।

बारिश के बाद दस्तक देंगी ठंडी हवाएं
अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में मामूली क्रमिक गिरावट के बावजूद यह सामान्य से ऊपर ही बना रह सकता है। ऐसे में दिन में ठंड का असर कम महसूस हुआ। 23 और 24 जनवरी को लखनऊ में बारिश की संभावना है। बारिश के दौरान तापमान में थोड़ी और गिरावट देखने को मिल सकती है। बारिश का दौर समाप्त होने के बाद ठंडी हवाओं का दौर शुरू होगा जिससे एक बार फिर ठंड में इजाफा हो सकता है।

एक सप्ताह के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव
21 जनवरी 10.0
20 जनवरी 10.8
19 जनवरी 11.6
18 जनवरी 6.4
17 जनवरी 4.4
16 जनवरी 5.8
15 जनवरी 5.5

(नोट : सभी तापमान डिग्री सेल्सियस में, ये आंकड़े न्यूनतम तापमान के हैं)

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com