पाकिस्तान का हज यात्रियों को सख्त निर्देश

पाकिस्तान ने सऊदी अरब में हज और उमराह के लिए जाने वाले अपने नागरिकों को सख्त चेतावनी दी है। पाकिस्तानी दूतावास ने कहा है कि भीख मांगना, बिना अनुमति पैसे इकट्ठा करना और वीजा नियमों का उल्लंघन न करें, वरना गिरफ्तारी, हिरासत और देश निकाला हो सकता है।

सऊदी अरब स्थित पाकिस्तानी दूतावास ने उमराह यात्रियों और मजदूरों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सऊदी कानूनों और वीजा शर्तों का पूरा पालन करें। उल्लंघन करने पर सऊदी अधिकारी गिरफ्तार कर सकते हैं, जेल भेज सकते हैं या वापस देश भेज सकते हैं।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक एआई-जनरेटेड वीडियो भी शेयर किया है। इसमें एक व्यक्ति को सऊदी अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार कर जेल ले जाते हुए दिखाया गया है। वीडियो का कैप्शन है कि पाकिस्तान से आने वाले सभी उमराह यात्रियों और वर्कर्स के नाम महत्वपूर्ण संदेश।

दूतावास के अनुसार, सऊदी अधिकारियों ने मक्का और मदीना के पवित्र स्थलों के आसपास भीख मांगने और अवैध रूप से पैसे मांगने पर जीरो टॉलरेंस अपनाया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अवैध स्थानीय सेवाओं का इस्तेमाल न करें और कोई भी वित्तीय सहायता केवल कानूनी तरीकों से ही लें।

वीजा की शर्तों और अवधि का भी सख्ती से पालन करने को कहा गया है। ओवरस्टे करने या वीजा कैटेगरी से बाहर की गतिविधियां करने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले साल कुल 16,73,320 हज यात्री सऊदी अरब पहुंचे थे, जिनमें 15,06,576 विदेश से आए थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com