शनिवार रात से जारी बारिश मंगलवार देर रात से थम गई है। लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार अभी जम्मू में बारिश के आसार बने हुए हैं। कश्मीर में आज से मौसम आज से साफ हो जाएगा। बारिश थम जाने के बावजूद ठंड का प्रकोप बढे़गा।

कश्मीर बुधवार को लगातार चौथे दिन दुनिया के बाकी हिस्सों से कटा हुआ है। श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद है और भारी बर्फबारी के कारण हवाई यातायात भी निलंबित रहा। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अभी नहीं खुल सका है। कई स्थानों पर भूस्खलन के चलते जल्द जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने का आसार नहीं दिख रहे हालांकि सड़क से मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है।
वहीं लेह श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जितनी बर्फ पड़ी हुई है, उसे देखते हुए रास्ता खुलने की जल्द कोई संभावना नहीं दिख रही। ऐतिहासिक मुगल रोड भी बंद पड़ा हुआ है। जिसके चलते 45 सौ के करीब गाड़ियां फंसी हुई हैं।
कश्मीर संभाग में न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार
जम्मू का अधिकतम तापमान 16.9, न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम का अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान -1.4 जबकि न्यूनतम तापमान -3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा का अधिकतम तापमान 14.2 जबकि न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भद्रवाह का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सभी फ्लाईट भी रद: बर्फबारी व भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को पांचवे दिन भी यातायात के लिए बंद रहा। हालांकि मौसम साफ होने पर सरकारी अमला राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने में जुट गया है और अगर मौसम साफ रहता है तो अगले 24 घंटों के भीतर रास्ते में फंसे वाहनों को निकालने का काम शुरू हो गया। इस बीच आज बुधवार को भी लो-विजिब्लिटी होने के कारण जम्मू व श्रीनगर में सुबह के समय सभी फ्लाईट कैंसिल कर दी गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal