सुखबीर सिंह बादल के दोबारा शिरोमणि अकाली दल का प्रधान चुने जाने के बाद से पंजाब की पंथक सियासत में हलचल है। बागी अकाली अब नया अकाली दल बनाने में जुट गए हैं।
अकाली दल सुधार लहर की शुरुआत करने वाले बागी सदस्यों द्वारा एक नया अकाली दल बनाया जाएगा। बीबी जागीर कौर और गुरप्रताप सिंह वडाला ने घोषणा की कि वे पंजाब में एक नई पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी का संविधान तैयार करना शुरू कर दिया है और जल्द ही इसे लॉन्च किया जाएगा।
सुखबीर सिंह बादल को शिरोमणि अकाली दल का दोबारा अध्यक्ष चुने जाने के बाद बागी अकाली नेताओं ने पंजाब में नया अकाली दल बनाने के लिए गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर गांव स्तर पर भर्ती अभियान शुरू कर दिया गया है। मैनुअल भर्ती के साथ-साथ ऑनलाइन भर्ती अभियान भी एक पोर्टल के माध्यम से शुरू किया गया है।
पार्टी की यूनिट गांव तक बनाने के लिए एक प्राइवेट एजेंसी को भी हायर किया गया है, साथ ही गांव के गुरुद्वारों में कैंप लगाकर श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से बनाई गई कमेटी के नाम पर समर्पित अकाली वर्करों को मेंबरशिप दी जा रही है। इस बात का खुलासा बागी अकाली दल के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह बराड़ की ओर से किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में शिरोमणि अकाली दल बादल ग्रुप का विकल्प बनेगी। सभी अकाली टकसाली वर्कर और नेता उनकी पार्टी के साथ जुड़ेंगे।