राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में अमेरिका के प्रमुख शहरों में से एक न्यूयॉर्क पहुंचे।
उनकी यह यात्रा संघ के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम का हिस्सा है। न्यूयॉर्क पहुंचने पर भागवत का तिलक लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
शहर में अपने प्रवास के दौरान संघ के सरसंघचालक ‘यूनिवर्सल वननेस’ (सार्वभौमिक एकता) कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और शनिवार को मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगभग 5000 लोगों की सभा को संबोधित करेंगे।
भागवत की मेजबानी कर रहे ‘अहेड फोरम’ (अमेरिकन हिंदूज फार एंगेजमेंट एंड डायलाग फोरम) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “इस कार्यक्रम का संदेश शाश्वत और सार्वभौमिक है कि दुनिया एक परिवार है। यह हमें बनावटी विभाजनों और मतभेदों से ऊपर उठने, मानवता को जोड़ने वाले बंधनों को पहचानने और आपसी सम्मान, सद्भाव व एकता की भावना को अपनाने का आह्वान करता है।”
भागवत संघ के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन की यात्रा कर रहे हैं।
न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने किया कार्यक्रम का विरोध
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार को कहा कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले उस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि शहर के पास किसी निजी कार्यक्रम को रद करने का अधिकार है या नहीं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal