नेपाल की बाढ़ में बह गईं कैश से भरी बैंक की तिजोरियां

अचानक आई बाढ़ में लापता हुए सैकड़ों लोगों की तलाश के अलावा नेपाल पुलिस के सामने एक और मुश्किल आन पड़ी है। बाढ़ में बह गए कम से कम 20 बैंकों के लापता वॉल्ट (तिजोरियों) का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित करने के लिए पुलिस जद्दोजहद कर रही है, ताकि वे गलत हाथों में न पड़ें।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इनमें से कुछ वॉल्ट में भारी मात्रा में कैश और अन्य कीमती सामान हैं। डीआईजी अबी नारायण काफ्ले ने कहा कि बाढ़ के बाद की मुश्किल स्थिति में पुलिस की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को खोजना है, लेकिन साथ ही उन्हें प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था भी बनाए रखनी है।

‘बाढ़ में बह गईं बैंक की तिजोरियां’

उन्होंने कहा, “रसुवा, धाडिंग, चितवन और दूसरी जगहों पर कई बैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए थे। उनमें से कई तिजोरियां, जिनमें कैश और सोना जैसी कीमती चीजें थीं, या तो बह गईं या भारी गाद के नीचे दब गईं। हमारे कर्मचारी अब उन तिजोरियों को खोजने और सुरक्षित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं भी हुई हैं जिनमें लोगों ने बहकर आई तिजोरियों को तोड़कर कैश चुरा लिया।”

तिजोरी से पैसे चुराने के आरोप में 29 लोग गिरफ्तार

यह घटनाक्रम तब सामने आया जब धाडिंग जिले की पुलिस ने अपर रसुवा इलाके से बहकर आई एक तिजोरी से कथित तौर पर 92 लाख नेपाली रुपये (NPR) चुराने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया।

काफ्ले ने कहा, “रविवार शाम को हमारे कर्मचारी त्रिशूली में एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक की धुंगे शाखा की एक तिजोरी को सुरक्षित करने में कामयाब रहे। इस काम में उन्हें लगभग आठ घंटे लगे।” उन्होंने बताया कि उस तिजोरी में 1.5 करोड़ नेपाली रुपये कैश और 50 करोड़ नेपाली रुपये कीमत के सोने सहित अन्य कीमती सामान था। एक अन्य मामले में, पुलिस ने नुवाकोट के कृषि विकास बैंक की एक तिजोरी को सुरक्षित किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com