धोखाधड़ी से उड़े होश: 3000 रुपये देकर ब्लैक में लिया सिलिंडर, एक ही दिन में हो गया खत्म

यही नहीं, सिलिंडर में इतनी गैस भी नहीं छोड़ी जा रही है, जिससे दो वक्त का खाना भी बन सके। इसकी शिकायत की सुनवाई भी एजेंसी संचालक नहीं कर रहे हैं। मंगलवार ऐसे ही एक मामले में विवेक विहार में हंगामा इस कदर बरपा कि पुलिस बुलानी पड़ी। उधर, पुलिस बेशक कालाबजारी करने वालों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन अभी भी खुलेआम अवैध रूप से सिलिंडर रिफलिंग हो रही है।

पूर्वी दिल्ली की विवेक विहार गैस एजेंसी परिसर में मंगलवार को हंगामा हो गया। तबरेज नाम के उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि सोमवार वह 3000 रुपये में ब्लैक से सिलिंडर लेकर अपने घर गया था। उसके अगले ही दिन मंगलवार उसका सिलिंडर खत्म हो गया। तबरेज के मुताबिक, गैस एजेंसी में शिकायत इसकी शिकायत करने पर वहां मौजूद कर्मी उससे झगड़ने लगे। परेशान होकर उसको पुलिस बुलानी पड़ी। तबरेज ने पुलिस के सामने एजेंसी पर गैस चोरी की शिकायत की है। दोनों पक्षों को शांत कराने के साथ पुलिस पीड़ित की शिकायत की जांच कर रही है।

सिलिंडर रीफलिंग भी आम
दिल्ली पुलिस इस वक्त जगह-जगह छापेमारी कर कालाबजारी करने वालों को कार्रवाई कर रही है। फिर भी, चौक-चौराहों पर अवैध रिफलिंग करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार ऐसा ही एक मामला विवेक विहार थाने से कुछ दूरी पर दिखा। वहां मौजूद लोगों की शिकायत थी कि सिलिंडर की रिफिलिंग 400-500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से की जा रही है। सुरक्षा इंतजामों का भी ख्याल न होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।

गैस न मिलने से रो पड़े पिता-पुत्र
पूर्वी दिल्ली के एक गैस एजेंसी पर हैरान करने वाला वाकया दिखा। सिलिंडर भरवाने एजेंसी पर पहुंचे पिता-पुत्र का जब गैस नहीं मिली, तब वह रोने लगे। इनका कहना था कि वह काफी दिनों से गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। मंगलवार को भी वह इसी आस में आए थे कि सिलिंडर मिल जाएगा। लेकिन एक बार फिर उनको सफलता नहीं मिल सकी। मासूम बेटे ने बताया कि सिलिंडर न मिल पाने के कारण ठीक से खाना भी नसीब नहीं हो रहा है। इतना बोलते-बोलते पिता-पुत्र रोने लगे। बावजूद इसके उनको गैस सिलिंडर नहीं मिल सका।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com