भारत में कोविड-19 संक्रमण के मामलों का आंकड़ा 41 लाख को पार कर गया है। वहीं, कोरोना संक्रमण के मामलों में रविवार को अब तक की सबसे बड़ी उछाल सामने आई है। रविवार को 90,633 नए मामले सामने आए हैं। लेकिन राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जानकारी के अनुसार अब तक 31 लाख 80 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,065 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 70,626 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 41,13,812 हो गए हैं, जिनमें से 8,62,320 लोगों का उपचार चल रहा है और 31,80,866 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में पांच सितंबर तक कुल 4,88,31,145 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से शनिवार को एक दिन में 10,92,654 नमूनों की जांच की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 10 लाख से 20 लाख तक पहुंचने में 21 दिनों का समय लगा जबकि 20 से 30 लाख मरीज होने में 16 और दिन लगे। वहीं, संक्रमितों की संख्या 30 लाख से 40 लाख तक पहुंचने में मात्र 13 दिनों का समय लगा है। कोविड-19 मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन लगे थे जबकि संक्रमितों की संख्या एक लाख से 10 लाख तक पहुंचने में 59 दिन लगे थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal