देश में कोरोना टेस्ट का आंकड़ा तीन करोड़ के पार, स्वस्थ होने की दर पहुंची 72.51 फीसद

कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच का आंकड़ा सोमवार को तीन करोड़ को पार कर गया। इनमें से एक करोड़ जांच पिछले दो हफ्तों के दौरान ही की गईं हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि प्रयोगशालाओं की बढ़ती संख्या और सुगमता से जांच की सुविधा के चलते यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हो सकी है। इस बीच, कुल संक्रमितों का आंकड़ा भी 26.50 लाख के करीब पहुंच गया है और मृतकों की संख्या 50 हजार को पार कर गई है।

16 अगस्त तक तीन करोड़ 41 हजार 400 नमूनों की जांच हो चुकी

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) ने कहा है कि 16 अगस्त तक कुल तीन करोड़ 41 हजार 400 नमूनों की जांच की जा चुकी थी। रविवार को सात लाख 31 हजार 697 नमूनों की जांच हुई। भारत में छह जुलाई तक एक करोड़ और दो अगस्त तक दो करोड़ नमूनों की जांच हुई थी।

देश में कोरोना की जांच की सुविधा पहले सिर्फ पुणे में थी आज 1,470 लेब खुल चुकी हैं

इस साल जनवरी में इस महामारी के सामने आने के बाद भारत में इसकी जांच की सुविधा सिर्फ पुणे स्थिति राष्ट्रीय विषाणुविज्ञान संस्थान में थी। आज 1,470 प्रयोगशालाओं में कोरोना वायरस की जांच की जा रही है। प्रति 10 लाख आबादी पर अब 21,769 टेस्ट हो रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ज्यादा और समय पर जांच होने से लोगों के पॉजिटिव पाए जाने की दर के साथ ही कोरोना से मृत्युदर भी गिरी है।

57,981 नए मामले, 941 मौतें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 57,981 नए मामले सामने आए और 941 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही अब तक 26 लाख 47 हजार 663 संक्रमित मिल चुके हैं और 50,921 लोगों की जान भी जा चुकी है। इस दौरान रिकॉर्ड 57,584 मरीज ठीक भी हुए हैं और अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 19 लाख 19 हजार 842 हो गई है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी बढ़कर 72.51 फीसद हो गई है। सक्रिय मामले छह लाख 76 हजार 900 रह गए हैं।

संक्रमितों का आंकड़ा 26 लाख 95 हजार 230 हो गया

वहीं, राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य श्रोतों से रात 10 बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक रविवार देर रात से अब तक 52886 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 26 लाख 95 हजार 230 हो गया है। इस दौरान 59,097 मरीज ठीक हुए हैं और स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 19 लाख 68 हजार 638 हो गई है। सक्रिय मामले छह लाख 74 हजार 752 रह गए हैं। अब तक 51,840 लोगों की जान भी जा चुकी है। सोमवार को 889 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 228, तमिलनाडु में 120, उत्तर प्रदेश में 69, बंगाल में 45, मध्य प्रदेश में 23, दिल्ली में 18, गुजरात में 15 और केरल में 13 मौतें शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में छह लाख से अधिक संक्रमित

महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद सोमवार को नए मामले कम मिले, लेकिन संक्रमितों का आंकड़ा छह लाख को पार कर गया। राकांपा प्रमुख शरद पवार के दक्षिण मुंबई स्थित आवास पर नौ लोग संक्रमित पाए गए हैं। पवार की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन उन्हें अगले कुछ दिनों तक यात्रा नहीं करने को कहा गया है। बायोटेक्नोलॉजी कंपनी बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। राज्य में 8,493 नए केस के साथ कुल मामले छह लाख चार हजार 358 हो गए हैं। अब तक 20,265 लोगों की जान भी जा चुकी है।

गुजरात में 1,033 नए केस

गुजरात में 1,033 नए केस के साथ कुल मामले 75,816, तमिलनाडु में 5,890 नए केस के साथ तीन लाख 43 हजार 945, केरल में रिकॉर्ड 1,725 नए मामलों के साथ 46,140, और तेलंगाना में 894 नए मामलों के साथ 92,255 मामले अब तक सामने आ चुके हैं।

दिल्ली में नए मामले घटे, मौतें बढ़ीं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 787 नए मामले मिले हैं, लेकिन 18 लोगों की मौत हो गई है, जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में अधिक है। राज्य में अब तक 1.5 लाख से अधिक मामले मिल चुके हैं और 4,214 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में 4,186 नए केस के साथ संक्रमितों की कुल संख्या एक लाख 58 हजार 216, बंगाल में 3,088 नए केस के साथ 1.19 लाख और त्रिपुरा में 143 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 7,222 हो गए हैं।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com