दिल्ली ही नहीं समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में आया : मौसम विभाग

कड़कड़ाती ठंड के साथ ही घने कोहरे के कारण दिल्ली के लोगों को दोहरी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह से ही पूरी दिल्ली इस कदर कोहरे की चादर ओढ़े हुए है कि लोगों को अपने आसपास की चीजें भी नजर नहीं आ रही हैं।

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि आज सुबह 5:30 बजे पालम और सफदरजंग में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9 और 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बढ़ रही ठंड ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं।

बता दें कि राजधानी वासियों को इस हफ्ते कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। समूचा उत्तर भारत इस समय शीतलहर की चपेट में है। इस वजह से इस सप्ताह सर्द हवाएं रात के साथ-साथ दोपहर में भी ठिठुरन बढ़ाएंगी। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार कम 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।

वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 और न्यूनतम 57 फीसदी रहा। लोधी रोड इलाका तीन डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं, जफरपुर में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस, आया नगर में 4.8 डिग्री सेल्सियस व पालम में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, इस सप्ताह तक दिल्ली वासियों को ठंड से राहत नहीं मिलेगी। न्यूनतम तापमान के साथ दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी। इस वजह से दोपहर में भी सर्दी का अहसास रहेगा। एक सप्ताह के बाद न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

बता दें कि रिकॉर्ड तोड़ ठंड के कारण फिलहाल पूरे उत्तर भारत में सबसे बुरा हाल जम्मू-कश्मीर का है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान में आई गिरावट से पाइपों में पानी जम गया है। डल झील समेत कई अन्य स्थिर जलाशयों पर बर्फ की घनी चादर है। उधर मैदानी इलाकों में धुंध छाई हुई है। जम्मू समेत कई शहरों में सूरज के दर्शन दोपहर बाद हो रहे हैं। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com