दिल्ली से यूपी-बिहार तक चढ़ेगा पारा, 8 राज्यों में लू का अलर्ट

अप्रैल का महीना जैसे-जैसे बीत रहा है, वैसे-वैसे ही तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 6°C की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। कहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल…

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रहा है। अप्रैल के मध्य में ही कई शहरों का तापमान 40°C तक पहुंचने लगा है। उत्तर-पश्चिम भारत में आज यानी 14 से 18 अप्रैल के बीच तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में 40 के पार होगा पारा
अगर बात करें दिल्ली-एनसीआर की तो यहां अगले 17 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में उत्तर भारत के लोगों को चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 14 घंटे के दौरान देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.1°C अकोला (महाराष्ट्र) में दर्ज किया गया।

8 राज्यों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है। उत्तरी मैदानों, पश्चिमी क्षेत्रों और मध्य भारत में समय से पहले ही लू जैसी स्थितियां देखने को मिल रही हैं। 14, 15, 16 अप्रैल को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी है।

महाराष्ट्र सरकार ने जारी की एसओपी
भीषण गर्मी और हीटवेव से बचने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने आउटडोर श्रमिकों, विशेषकर निर्माण और अन्य असंगठित क्षेत्रों के लिए एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। इस SOP के तहत, ऑरेंज/रेड अलर्ट के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक काम बंद रखने, काम के घंटे सुबह-शाम करने के निर्देश दिये गए हैं। साथ ही कार्यस्थलों पर छाया और पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

इन राज्यों में बारिश का संभावना
भारत में मौसम की दोहरी मार देखने को मिल रही है। एक ओर जहां उत्तर भारत में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने 14-17 अप्रैल तक पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना जताई है। आज से 17 अप्रैल तक असम और मेघालय के साथ-साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com