देशभर में मानसून एक बार फिर अपने उग्र रूप में लौट आया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, आज 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार और राजधानी दिल्ली समेत देश के लगभग 20 राज्यों में मूसलाधार बारिश और भयंकर आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
इस दौरान कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है। लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। इसके साथ ही, पहाड़ी इलाकों में सफर करने वालों के लिए भूस्खलन और पूर्वी राज्यों में बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी दी गई है।
मौसम में आए इस बदलाव का मुख्य कारण
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्से और उसके आसपास के इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।
इस मौसमी सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालय के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसी मौसमी गतिविधि के कारण देशभर का मौसम अचानक से इतना अस्थिर हो गया है।
मैदानी इलाकों का हाल
दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में आज मौसम काफी सर्द और तूफानी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झमाझम बारिश होने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तर प्रदेश: वहीं, उत्तर प्रदेश के मौसम में भी भारी उथल-पुथल देखने को मिलेगी। मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी चलने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
बिहार: प्रदेशवासियों को भी आज खराब मौसम का सामना करना पड़ेगा। पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
झारखंड: इसी तरह झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर जैसे प्रमुख जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल: बंगाल के दार्जिलिंग, हावड़ा और कोलकाता जैसे इलाकों में भी आज भारी बारिश और तेज हवाओं का प्रकोप रह सकता है। कोलकाता में तापमान 32 डिग्री से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
मध्य प्रदेश: निम्न दबाव के क्षेत्र का सीधा असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा। भोपाल, ग्वालियर और सागर जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की पूरी संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम की चुनौतियां
उत्तराखंड: पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और देहरादून जैसे इलाकों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भूस्खलन का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश: प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं कहर बरपा सकती हैं। लगातार बारिश से मनाली में ठंड काफी बढ़ गई है, जहां अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर: राज्य के श्रीनगर, कठुआ, पुंछ और उधमपुर समेत कई इलाकों में आज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
मध्य और पश्चिमी भारत में तूफानी हवाएं मचाएगी कोहराम
पंजाब: राज्य के जालंधर, पटियाला, अमृतसर और लुधियाना में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
राजस्थान: प्रदेश के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जयपुर और उदयपुर सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। जयपुर में मौसम सुहाना बना रहेगा, जहां तापमान 27 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किए जाने की उम्मीद है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal