राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज दिनभर दिल्ली और आस-पास के इलाकों में तेज झुलसाने वाली गर्म हवाएं (लू) चलने की आशंका जताई है।
इसे देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) भी जारी किया है जिसका मतलब है कि लोगों को धूप में निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार पालम में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है जबकि लोधी रोड में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
रिज केंद्र में न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है जबकि अयानगर में यह 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 186 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal