दिल्ली में किराड़ी की समस्या का होगा समाधान, 200 करोड़ में बनेंगे दो नाले

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को ‘प्रवास कार्यक्रम’ के तहत उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचीं और सरकार के पिछले एक वर्ष के कामों का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड साझा किया।

उन्होंने कहा कि अगले 27 साल तक दिल्ली सरकार बनाए रखने के लिए दिल्ली की जो सेवा करनी है, उसके लिए लगातार काम करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री किराड़ी की जल निकासी के लिए अहम घोषणा की, कहा- किराड़ी में दो ड्रेन बनाई जाएंगीं।

200 करोड़ से ज्यादा होंगे खर्च
उन्होंने बताया कि एक ड्रेन पर 120 करोड़ व दूसरी पर 64 करोड़ रुपये खर्च होंगे। किराड़ी में जननिकासी न होने के कारण लोगों को होने वाली परेशानियां को दैनिक जागरण प्रमुखता व मुखरता के साथ उठा रहा है।

शुक्रवार को रोहिणी सेक्टर-32 ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार के एक साल के कार्यकाल के दौरान किए विकास कार्यों को गिनाया और साथ ही आने वाले समय में होने वाले कार्यों के बारे में लोगों को अवगत कराया।

सीवर की लाइन पर भी चल रहा काम
उन्होंने कहा कि सरकार कोशिश की है, दिल्ली के सभी गांव बसों से जोड़ा जाए। अभी चार हजार बसें हैं, इस संख्या को 14 हजार तक पहुंचाया जाएगा। वर्षों से जो सड़कें टूटी पड़ी थीं, वहां आज नई सड़कें बन रही हैं। पानी की पाइप लाइन, सीवर की लाइन पर भी काम चल रहा है।

वहीं, घेवरा में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के लिए काम शुरू कर दिया है। नए मास्टर प्लान का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। सरकार जल्द ही नया मास्टर प्लान घोषित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अब सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर असली विकास हो रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय तक उपेक्षित रहा। लेकिन पिछले एक साल में भाजपा सरकार ने ‘अंत्योदय से ग्रामोदय’ के लक्ष्य के साथ यहां विकास की ठोस शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि वे मुंडका, बवाना, नरेला, किराड़ी और सुल्तानपुर माजरा जैसे ग्रामीण इलाकों में आती हैं तो उन्हें अपने परिवार के बीच होने का अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान क्षेत्र में सड़क, पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का युद्धस्तर पर विस्तार किया गया है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नए प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुंडका विधानसभा क्षेत्र के लिए 264 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाना यहां के लिए बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की 10 विधानसभाओं में भले ही कुछ क्षेत्रों का नेतृत्व विपक्ष कर रहा हो। लेकिन भाजपा सरकार के लिए ‘दल से बड़ी जनता’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ का आदर्श सर्वोपरि है।

इस अवसर पर उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया, कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, ग्रामीण विकास बोर्ड के चेयरमैन राज कुमार चौहान, विधायक कुलवंत राणा, राजकरण खत्री, अहीर दीपक चौधरी व गजेंद्र दराल के अलावा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com