दिल्ली परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने डीटीसी अधिकारियों के साथ बैठक में साफ निर्देश दिए कि कोई भी बस निर्धारित स्टॉप छोड़कर न जाए। यात्रियों खासकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दें, बसों के बीच उचित अंतराल रखें और लापरवाही करने वाले चालक-परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों के संचालन में लापरवाही और यात्रियों की शिकायतों पर सख्ती होगी। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को डीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधकों (आरएम) के साथ समीक्षा बैठक में निर्देश दिए। कोई भी बस निर्धारित स्टॉप छोड़े बिना यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की सुविधा उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि किसी भी यात्री को यात्रा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बस चालकों और परिचालकों का व्यवहार यात्रियों के प्रति शालीन और सम्मानजनक होना चाहिए।
किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या लापरवाही के मामलों में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन मंत्री ने डीटीसी अधिकारियों से बसों के संचालन, समय-सारिणी और रूटवार सेवाओं की रिपोर्ट तलब की है। अधिकारियों को संदेश दिया कि बस सेवाओं की गुणवत्ता और समयपालन को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बसों के बीच उचित अंतराल सुनिश्चित हो
रूट संचालन की समीक्षा करते हुए डॉ. सिंह ने बसों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई बार एक ही रूट पर कई बसें एक साथ चलती हैं, जबकि बाद में लंबे समय तक कोई बस नहीं मिलती। इस समस्या को दूर करने के लिए रूट रेशनलाइजेशन और बसों के बीच उचित अंतराल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर फ्रीक्वेंसी और कवरेज मिल सके।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal