तमिलनाडु में दीवाली के दिन कई हत्याओं के बाद गृह मंत्रालय सख्त
दीपावली के अवसर पर हत्या की कई घटनाओं और जोसेफ विजय सरकार पर विपक्ष के बढ़ते हमलों के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कथित तौर पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र वी. अर्लेकर से राज्य की कानून-व्यवस्था पर रिपोर्ट मांगी है।
समझा जाता है कि केंद्र सरकार द्वारा मांगी गई रिपोर्ट में हाल की हिंसक घटनाओं और शांति बनाए रखने के लिए राज्य प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों का ब्योरा मांगा गया है।
राज्यपाल 13 नवंबर को नई दिल्ली जाने वाले हैं। द्रमुक और अन्नाद्रमुक समेत विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि तमिलनाडु में हत्याएं बढ़ रही हैं। उनका दावा है कि अकेले दीपावली के दिन 10 से अधिक हत्याएं हुईं। दूसरी तरफ, राज्य सरकार का कहना है कि दीपावली के दिन आठ हत्याएं दर्ज की गईं।
दोहरे हत्याकांड के आरोपित को पैर में गोली मारी
प्रेट्र के अनुसार, दोहरे हत्याकांड के एक आरोपित ने पूछताछ के दौरान पुलिस कांस्टेबल पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी और उसे पकड़ लिया। आरोपित की पहचान शिवनेसन के रूप में हुई है। उसे तिरुचिरापल्ली जिले में दो नाबालिगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले कामों से दूर रहें टीवीके विधायक : सीएम
टीवीके के संस्थापक और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को पार्टी विधायकों से कहा कि वे ऐसे विवादों में न पड़ें या ऐसे गलत कामों में शामिल न हों, जिनसे पार्टी की छवि और गरिमा को नुकसान पहुंचता हो।
उन्होंने विधायकों को अनुशासन बनाए रखने व अपने आचरण को गरिमापूर्ण रखने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि वे अधिकारों का दुरुपयोग किए बिना जनता की शिकायतों का निवारण करें।
विजय के आंतरिक अनुशासन और सार्वजनिक आचरण को लेकर कड़े निर्देश ऐसे समय आए हैं, जब कल्लाकुरिचि के विधायक सी. अरुल विग्नेश पर एक महिला कलेक्टर को अश्लील वाट्सएप संदेश भेजने का आरोप लगने के बाद राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है।
विधायक इस आरोप को पहले ही झूठा बता चुके हैं। वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष एम. रविशंकर पर थुरैयूर विधानसभा क्षेत्र के एक निवासी के साथ मारपीट करने का आरोप है। बताते हैं कि उसने कोई समस्या उठाई थी। सूत्रों ने बताया कि टीवीके प्रमुख ने दोनों विधायकों से सार्वजनिक जीवन में उनके आचरण को लेकर अलग-अलग चर्चा भी की।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal