टी20 में ईशान किशन का जलवा बरकरार, टेस्ट में ओली रॉबिन्सन की लंबी छलांग

 पाकिस्‍तान के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्‍हें इस शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। ICC मेंस टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में उन्हें काफी फायदा हुआ है।

पाकिस्‍तान के खिलाफ हेडिंग्ले, लीड्स में खेले गए पहले टेस्‍ट में ओली ने 8 विकेट चटकाए थे। वहीं लॉर्ड्स में हुए दूसरे मुकाबले में भी उन्‍होंने इतने ही शिकार किए। रॉबिन्सन दोनों ही टेस्‍ट में प्‍लेयर ऑफ द मैच रहे। ओली के इस प्रदर्शन की बदौलत इंग्‍लैंड ने 3 मैचों की टेस्‍ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है।

5वें स्‍थान पर पहुंचे

टेस्ट बॉलर्स की अपडेटेड रैंकिंग में रॉबिन्सन छह पायदान ऊपर चढ़कर कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जुलाई 2023 के बाद यह पहली बार है जब वे टॉप पांच में लौटे हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क नंबर 1 टेस्ट बॉलर बने हुए हैं। उन्होंने पिछले महीने जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ा था। हालांकि, दुनिया भर के तीन तेज गेंदबाजों के हालिया शानदार प्रदर्शन के कारण टॉप 10 के ठीक बाहर काफी बदलाव देखने को मिले हैं।

इनको भी हुआ फायदा

कोलंबो में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में चार विकेट लेने के बाद श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो चार पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग भी चार पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास 10 पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

हैरी ब्रूक टॉप पर

लॉर्ड्स में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 15 और 34 रन बनाने के बावजूद, इंग्लैंड के दाएं हाथ के बल्लेबाज हैरी ब्रूक नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज बने हुए हैं। स्टीव स्मिथ अब दूसरे स्थान पर हैं, जबकि जो रूट खिसककर तीसरे स्थान पर आ गए हैं। सबसे ज्‍यादा फायदा कामिंदु मेंडिस को हुआ है। कोलंबो में भारत के विरुद्ध दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक लगाने के बाद श्रीलंका के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने दो स्थान की छलांग लगाई है और अब वे 10वें नंबर पर आ गए हैं।

डेवाल्‍ड को हुआ फायदा

इस हफ्ते T20I रैंकिंग में भी बदलाव हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस को सबसे ज्‍यादा फायदा हुआ है और वह T20I बल्लेबाजों की लिस्ट में छह पायदान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।

नामीबिया में चल रही ट्राई-सीरीज में ब्रेविस ने तीन मैचों में 75, 75* और 41 रन बनाए हैं। ब्रेविस से आगे T20I रैंकिंग में सिर्फ भारत के ईशान किशन (पहले) और अभिषेक शर्मा (तीसरे) और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (दूसरे) ही हैं। T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान टॉप पर बने हुए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com