झुलसाती गर्मी में शरीर को बर्फ-सी ठंडक पहुंचाएगा ‘गुलाब का शरबत’

गर्मियां की चिलचिलाती धूप और पसीने से हर कोई परेशान हो जाता है। ऐसे में, मन करता है कि बस कुछ ऐसा ठंडा पीने को मिल जाए, जो शरीर की सारी थकान तुरंत मिटा दे। बाजार में मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक्स भले ही पल भर की राहत दें, लेकिन सेहत के लिए ये बिल्कुल भी अच्छी नहीं होती हैं।

यही वजह है कि आज हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजे गुलाब की पंखुड़ियों से बने ‘गुलाब के शरबत’ की बेहद आसान रेसिपी। यह न सिर्फ आपको बर्फ-सी ठंडक देगा, बल्कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को स्वादिष्ट भी लगेगा।

गुलाब का शरबत बनाने के लिए सामग्री
इस शरबत को बनाने के लिए आपको आपकी रसोई में मौजूद कुछ ही चीजों की जरूरत पड़ेगी:

देसी गुलाब की ताजी पंखुड़ियां: 2 कप (अच्छे से धुली हुई)
चीनी: 1.5 कप
पानी: 2 कप
नींबू का रस: 1 बड़ा चम्मच (यह शरबत को जमने या क्रिस्टलाइज होने से रोकता है)
इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच (एक बेहतरीन खुशबू के लिए)
चुकंदर का रस: 1 से 2 बड़े चम्मच (बिल्कुल बाजार जैसा प्राकृतिक लाल रंग लाने के लिए – यह ऑप्शनल है)

गुलाब का शरबत बनाने की विधि
सबसे पहले देसी गुलाब की ताजी पंखुड़ियों को साफ पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें ताकि सारी धूल-मिट्टी निकल जाए। ध्यान रहे कि हाइब्रिड गुलाब की जगह देसी गुलाब का इस्तेमाल करें, क्योंकि उनकी खुशबू बहुत अच्छी होती है।
एक बर्तन में 1 कप पानी लें और उसमें धुली हुई गुलाब की पंखुड़ियां डाल दें। इसे धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक उबलने दें। जब पंखुड़ियों का गुलाबी रंग पानी में अच्छी तरह उतर जाए और पंखुड़ियां हल्की सफेद दिखने लगें, तो गैस बंद कर दें।
अब इस उबले हुए पानी को एक छलनी की मदद से छान लें और पंखुड़ियों को अलग कर दें। आपका खुशबूदार और प्राकृतिक ‘गुलाब जल’ बेस तैयार है।
एक दूसरे गहरे पैन में 1 कप पानी और डेढ़ कप चीनी डालें। इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह पानी में घुल न जाए। इसे हल्का गाढ़ा होने दें। ध्यान रहे कि एक तार की चाशनी नहीं बनानी है, बस हल्का चिपचिपापन आना चाहिए।
अब इस गर्म चाशनी में तैयार किया हुआ गुलाब का पानी डाल दें। साथ ही, खुशबू के लिए इलायची पाउडर और सुंदर लाल रंग के लिए चुकंदर का रस मिला दें। इसे 3-4 मिनट तक और पकने दें ताकि सब कुछ आपस में अच्छे से मिल जाए।
अब गैस बंद कर दें और शरबत को थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह हल्का गर्म रह जाए, तो इसमें नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें।
पूरी तरह से ठंडा होने के बाद आपका शुद्ध ‘गुलाब का सिरप’तैयार है। इसे एक साफ कांच की बोतल या जार में भरकर फ्रिज में रख लें। यह सिरप महीनों तक खराब नहीं होता!

जब भी आप बाहर की झुलसाती धूप से घर आएं या आपका मन कुछ ठंडा पीने का करे, तो एक कांच के गिलास में 2-3 बड़े चम्मच यह तैयार गुलाब का सिरप डालें। ऊपर से एकदम ठंडा पानी या चिल्ड दूध और बर्फ के कुछ टुकड़े डालें। इसे चम्मच से अच्छे से मिलाएं और ठंडे-ठंडे शरबत का आनंद लें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com