पाकिस्तान में बाबर आजम को महान बल्लेबाजों की कैटेगरी में रखा जाता है। हालांकि, उनका प्रदर्शन देखा जाए तो बड़ी टीमों और गेंदबाजों के खिलाफ वह अधिकतर मौकों पर फेल ही रहे है। इसका एक और उदाहरण इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में देखने को मिला। इस मैच में बाबर के सामने थे तूफानी तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और इंग्लैंड के इस गेंदबाज के सामने बाबर बुरी तरह से पस्त हो गए।
इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 194 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। पाकिस्तान को जीत के लिए 389 रन चाहिए थे, लेकिन इंग्लैंड की दमदार गेंदबाजी के सामने ये टीम 194 रनों पर ढेर होकर चौथे ही दिन मैच हार गई।
बाबर हुए कन्फ्यूज
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के शुरुआती दो विकेट लेकर उसे बैकफुट पर फेंक दिया था। ऐसे में उम्मीद थी कि अपने देश के महान बल्लेबाजों में गिने जाने वाले बाबर आजम विकेट पर पैर जमाएंगे और टीम को आगे ले जाएंगे, लेकिन आर्चर की गेंदों पर बाबर की एक न चली। उन्हें ये तक समझ नहीं आया कि वह कौनसा शॉट खेलें। 17वें ओवर की आखिरी गेंद आर्चर ने बाउंसर फेंकी। यही देख बाबर कांप गए।
बाबर ने ऐसा शॉट खेला मानो वह बचने के लिए किसी तरह बल्ला अड़ाना चाहते हैं। वह पूरी तरह से पोजिशन में भी नहीं थे। आमतौर पर ऐसी बाउंसर पर बल्लेबाज गेंद को या तो डक करता है या फिर उस पर शॉट खेल देता है। बाबर दोनों के बीच में कन्फ्यूज नजर आए। नतीजा ये रहा कि गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर स्लिप के एरिया में गई और जॉर्डन कॉक्स ने उनका कैच लेने में कोई गलती नहीं की। बाबर सिर्फ छह रन ही बना सके।
हो गई फजीहत
बाबर आजम जिस अंदाज में आउट हुए उसका सोशल मीडिया पर काफी मजाक उड़ रहा है। कोई कह रहा है कि किंग का भांडा फूट गया तो कोई कह रहा है कि बाबर को खेलना नहीं आता। शॉट के दौरान बाबर की आंखें भी बंद हो गई थीं। इसको लेकर भी बाबर की खूब जग हंसाई हो रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal