कड़ाके की ठंड से उत्तर छत्तीसगढ़ का इलाका सिहर उठा है। जबरदस्त शीतलहर और पाला गिरने से संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का तापमान रिकॉर्ड 5 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे कम था। इधर मैनपाट इलाके में पारा एक डिग्री के करीब पहुंच जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश के बाद बादल छंटते ही ठंड कहर बरपा रहा है। लोगों को पहली बार सरगुजिहा ठंड का अहसास हुआ है। कड़ाके की ठंड से लोग कंपकंपा उठे हैं। शुक्रवार को जहां तापमान 7 डिग्री के आसपास था वह 12 घंटे के भीतर तेजी से लुढ़ककर 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
अंबिकापुर के आसपास अजिरमा ,खैरवार, सिलफिली सहित अन्य इलाकों में रात में पाला पड़ रहा है। सुबह घरों के आसपास रखे पुआल के ढेर सफेद चादर की तरह नजर आ रहे थे। मौसम विभाग के मुताबिक कड़ाके की ठंड का माहौल अभी दो-तीन दिनों तक और बना रहेगा। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में जबरदस्त गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह सबसे कम न्यूनतम तापमान था। उत्तरी छत्तीसगढ़ शीतलहर के चपेट में है।