चुनाव नतीजों के बाद जजपा ने की सभी इकाइयां भंग

हरियाणा में जजपा का लोकसभा चुनाव में बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। जजपा के सभी दसों उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। जिसके चलते जजपा ने तुरंत प्रभाव से राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी, सभी जिला व हलका स्तरीय कार्यकारिणी को भंग किया है। 

लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हारने के बाद जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने शनिवार को अपनी सभी प्रमुख इकाइयों को भंग कर दिया है। जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने यह फैसला पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद लिया है। जजपा ने तुरंत प्रभाव से राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी, सभी जिला व हलका स्तरीय कार्यकारिणी को भंग किया है। हरियाणा के अलावा अन्य प्रदेशों की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को भी पदमुक्त कर दिया गया है। अब जजपा जल्द नए पदाधिकारियों की घोषणा करेगी।

जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी अपने संगठन में बदलाव करके नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि संगठन पुनर्गठन के तहत मेहनती, ऊर्जावान नेताओं व कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। जजपा अपने वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करके संगठन के नए स्वरूप पर काम करेगी। उन्होंने सभी जेजेपी कार्यकर्ताओं से आगामी घोषणा तक अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी से काम करते रहने को कहा।

उल्लेखनीय है कि जजपा का लोकसभा चुनाव में बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। जजपा के सभी दसों उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। चुनाव में जजपा को 0.87 फीसदी वोट मिला है। वहीं, सत्ता से अलग होने के बाद जजपा के नेताओं का टूटना जारी है। अब तक पार्टी के कई नेता इस्तीफा दे चुके हैं। शनिवार को सोनीपत में जजपा के भूपेंद्र मलिक और पवन खरखोदा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com