चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर हाल ही में भेजे गए एक मिशन में शामिल चार चूहों में से एक मादा चूहे ने पृथ्वी पर स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, चार चूहों (दो नर और दो मादा) को 31 अक्टूबर को अंतरिक्ष में भेजा गया था। 14 नवंबर को पृथ्वी पर लौटने से पहले उन्हें अंतरिक्ष स्टेशन पर एक विशेष आवास में रखा गया था।
10 दिसंबर को दिया बच्चों को जन्म
वापसी के बाद, एक मादा चूहे ने गर्भधारण किया और 10 दिसंबर को नौ बच्चों को जन्म दिया। इनमें से छह नवजात जीवित हैं, जो एक सामान्य दर मानी जाती है। मादा चूहा सामान्य रूप से अपने बच्चों को दूध पिला रही है और बच्चे सक्रिय और स्वस्थ हैं।
चीनी शोधकर्ता ने क्या कहा?
चीनी विज्ञान अकादमी के प्राणी विज्ञान संस्थान की शोधकर्ता वांग होंगमेई ने कहा, ”मिशन ने दिखाया कि अल्पकालिक अंतरिक्ष यात्रा से चूहे की प्रजनन क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह स्तनधारियों के प्रारंभिक विकास चरणों पर अंतरिक्ष वातावरण के प्रभाव की जांच के लिए अमूल्य नमूने भी प्रदान करता है। मॉडल के रूप में चूहे पर प्रयोग अंतरिक्ष में जीवित जीवों की शारीरिक और रोग संबंधी प्रक्रियाओं के साथ-साथ वृद्धि, विकास और प्रजनन का अध्ययन करने के लिए आदर्श हैं।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal