आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहतमंद रहना काफी चुनौती भरा काम बन गया है। स्वस्थ रहने में हमारे खान-पान की अहम भूमिका होती है। इसलिए आपको डिनर में कुछ ऐसा खाना चाहिए, जो पचाने में हल्का हो और साथ ही पौष्टिक भी हो।
चावल की खिचड़ी की जगह, ओट्स की खिचड़ी खाना ज्यादा फायदेमंद है। यह पौष्टिक तो होती ही है, साथ ही, वजन कम करने में भी मदद करती है। अगर आप भी डिनर में ओट्स खिचड़ी ट्राई करना चाहते हैं, तो आइए जानें इसकी एकदम आसान रेसिपी।
ओट्स खिचड़ी बनाने के लिए सामग्री:
रोल्ड या इंस्टेंट ओट्स- 1 कप
मूंघ दाल- ½ कप
बारीक कटी सब्जियां- ½ कप
प्याज- 1 छोटा
टमाटर- 1 मध्यम
हरी मिर्च- 1-2
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
जीरा- 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर- ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटा चम्मच
गरम मसाला- ¼ छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
घी या तेल- 1 से 2 बड़े चम्मच
पानी- 3 से 4 कप
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
ओट्स खिचड़ी बनाने की विधि:
सबसे पहले एक कढ़ाई में बिना तेल या घी के ओट्स को 2-3 मिनट के लिए मध्यम आंच पर ड्राई रोस्ट कर लें। जब इसमें से हल्की खुशबू आने लगे, तो इसे एक प्लेट में निकाल लें। ऐसा करने से खिचड़ी चिपचिपी नहीं बनती।
अब एक प्रेशर कुकर या गहरी कढ़ाई में घी या तेल गरम करें। जब घी गरम हो जाए, तो इसमें जीरा डालें और चटकने दें। इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर प्याज के हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
अब इसमें टमाटर और अपनी पसंद की कटी हुई सब्जियां डालें। सब्जियों को दो मिनट के लिए सॉटे करें। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें। मसालों को सब्जियों के साथ अच्छी तरह मिला लें।
अब कुकर में पहले से भीगी हुई मूंघ दाल और भुने हुए ओट्स डालें। सभी सामग्रियों को आपस में अच्छी तरह मिक्स करें और 1 मिनट के लिए चलाएं।
इसमें 3 से 4 कप पानी डालें। अगर आपको पतली खिचड़ी पसंद है तो पानी थोड़ा ज्यादा रख सकते हैं। अब कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर 2 से 3 सीटी आने तक पकाएं। अगर आप कढ़ाई में बना रहे हैं, तो ढककर दाल के गलने तक धीमी आंच पर पकाएं।
कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। ढक्कन खोलकर खिचड़ी को एक बार मिक्स करें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और आधा चम्मच देसी घी डालें।
आप इस गरमा-गरम ओट्स खिचड़ी को दही, पुदीने की चटनी या फिर एक कटोरी मिक्स वेज रायते के साथ परोस सकते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal