उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के अकबरपुर में एक महिला ने अपने ससुर पर दुष्कर्म और पति व ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न का इल्जाम लगाया है। महिला ने थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवाया है।

कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ससुर पर दुष्कर्म व धमकी और पति व अन्य ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि एक मार्च 2017 को उसकी शादी कानपुर के राकेश पुत्र सुशांत शुक्ला के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और सास-ससुर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का पति कानपुर के किदवई नगर में एक ब्यूटी पार्लर में मेकअप आर्टिस्ट का कार्य करता था। खुद का पार्लर खोलने के लिए पति ने पीड़िता पर मायके से 10 लाख रुपए लाने का दबाव बनाया।
महिला ने बताया है कि बीते 19 अगस्त को उनकी सास मंदिर गई हुई थी। घर में अकेला पाकर ससुर ने उसके साथ बलात्कार किया। जब उसने विरोध किया तो ससुर ने उसे बदनाम करने और उसके भाई की हत्या कराने की धमकी दी। दहशत की वजह से वह चुप रही और किसी से कुछ नहीं कहा।
बाद में वह पति के साथ गाजियाबाद चली गई, वहां भी उसे मारा पीटा गया। महिला का इल्जाम है कि पति गैर मर्दों से शारीरिक संबंध बनाने का भी दबाव बनाता था। पति और ससुरालवालों के उत्पीड़न से त्रस्त आकर महिला मायके आ गई, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत लिखवाई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal